Breaking News

घने कोहरे में दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, पांच युवकों की मौत, दो गंभीर घायल।

घने कोहरे में दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, पांच युवकों की मौत, दो गंभीर घायल।

संवाददाता, गुलाम नबी कुरैशी 

बलरामपुर। जिले के उतरौला-बलरामपुर मार्ग पर बुधवार देर रात घने कोहरे के चलते दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस दर्दनाक हादसे में पांच युवकों की मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में पांच परिवारों के घरों के चिराग बुझने से पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।

जानकारी के अनुसार, हादसा अकसी बड़हरा गांव के पास हुआ। घना कोहरा होने के कारण सड़क पर किसी राहगीर को बचाने के प्रयास में दोनों मोटरसाइकिलें आमने-सामने टकरा गईं। टक्कर इतनी भीषण थी कि सात युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उतरौला पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने पांच युवकों को मृत घोषित कर दिया। वहीं, दो गंभीर घायलों का उपचार जारी है।

पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह सहित पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मृतकों की पहचान मोहम्मद फारूक (18), सलीम (18), गुफरान (17), तौफीक (19) और फजल मोहम्मद (23) के रूप में हुई है। सभी मृतक छप्पर तलवा और गौरीवनडीह गांव के निवासी बताए गए हैं। वहीं, हादसे में मुजम्मिल (22) और नाहिद रजा गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका इलाज कराया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, दोनों मोटरसाइकिलों पर सवार युवक उतरौला की ओर जा रहे थे। घने कोहरे के बीच राहगीर को बचाने के प्रयास में दोनों बाइकों की भिड़ंत हो गई। पुलिस ने पांचों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

इस हृदयविदारक हादसे की खबर फैलते ही मृतकों के गांवों में शोक की लहर दौड़ गई। पांच युवकों की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे क्षेत्र में गमगीन माहौल बना हुआ है।

Spread the love

Check Also

फर्रुखाबाद में 19वें सेवाव्रत अनुष्ठान में 72 जोड़ों का सामूहिक विवाह संपन्न।

फर्रुखाबाद में 19वें सेवाव्रत अनुष्ठान में 72 जोड़ों का सामूहिक विवाह संपन्न। संवाददाता, दीपक शुक्ला  …