Breaking News

कार्तिक पूर्णिमा पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम, 16 मजिस्ट्रेट किए गए तैनात।

कार्तिक पूर्णिमा पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम, 16 मजिस्ट्रेट किए गए तैनात।

बदायूं। कार्तिक पूर्णिमा पर्व पर गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए 16 मजिस्ट्रेट नामित किए हैं। 24 नवंबर को मनाए जाने वाले इस पर्व पर जिले के प्रमुख गंगा घाटों और स्नान स्थलों पर प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती रहेगी।

जिला मजिस्ट्रेट अवनीश राय ने कछला गंगा घाट सहित अटैना घाट, सकर्रा घाट, मालपुर ततेरा घाट, नगला वरन जामनी, कुंवरपुर चांदपुर घाट, भुंडी, बेला डांडी, नगरिया खनु, नौनीटिकन्ना, हजरतपुर पुल के नीचे रामगंगा घाट, मुड़ा पुख्ता और चितरी घाट पर व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए हैं।

नामित मजिस्ट्रेट अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमणशील रहकर कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखेंगे। वहीं संबंधित उप जिला मजिस्ट्रेट भी लगातार व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे। नगर मजिस्ट्रेट एवं उप नियंत्रक नागरिक सुरक्षा को स्नान स्थलों पर नागरिक सुरक्षा कोर के स्वयंसेवकों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

गंगा स्नान के दौरान श्रद्धालुओं के गहरे पानी में जाने से होने वाली घटनाओं को देखते हुए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। घाटों पर पब्लिक एड्रेस सिस्टम के माध्यम से लगातार जागरूकता संदेश प्रसारित किए जाएंगे। इसके साथ ही गोताखोरों, नाविकों और पीएसी के जवानों की मुस्तैदी से ड्यूटी लगाई जाएगी।

इसके अलावा घाटों पर साफ-सफाई, पेयजल, मोबाइल टॉयलेट वैन और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश नगर निकायों को दिए गए हैं। कछला घाट पर दो कैटल कैचर तथा अन्य घाटों पर एक-एक कैटल कैचर की व्यवस्था की जाएगी, ताकि निराश्रित गोवंश को संरक्षित किया जा सके।

जिला पंचायत को स्नान स्थलों पर कंट्रोल एरिया निर्धारित करने और पार्किंग स्थलों को चिह्नित करने के निर्देश दिए गए हैं। श्रद्धालुओं के वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा कराया जाएगा। प्रशासन ने पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी संबंधित विभागों को आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए हैं।

Spread the love

Check Also

फर्रुखाबाद में 19वें सेवाव्रत अनुष्ठान में 72 जोड़ों का सामूहिक विवाह संपन्न।

फर्रुखाबाद में 19वें सेवाव्रत अनुष्ठान में 72 जोड़ों का सामूहिक विवाह संपन्न। संवाददाता, दीपक शुक्ला  …