Breaking News

डॉ. आदित्य गुप्ता ने पेश की मानवता की मिसाल, वृद्धाश्रम की बुजुर्ग महिला का किया निशुल्क ऑपरेशन, समाजसेवियों ने भी निभाई जिम्मेदारी।

डॉ. आदित्य गुप्ता ने पेश की मानवता की मिसाल, वृद्धाश्रम की बुजुर्ग महिला का किया निशुल्क ऑपरेशन।

प्रधान संपादक, रवि कुमार शाक्य 

बिल्सी (बदायूं)। अपनों से दूर वृद्धावस्था में जीवन व्यतीत कर रहीं माता चंद्रावती के लिए समाजसेवियों ने मदद का हाथ बढ़ाकर मानवता और सेवा भावना की अनूठी मिसाल पेश की है। तहसील क्षेत्र के गांव बांस बरौलिया स्थित वृद्धाश्रम में कई वर्षों से रह रहीं चंद्रावती पित्त की थैली में पथरी की समस्या से परेशान थीं। बीमारी के कारण उन्हें काफी तकलीफों का सामना करना पड़ रहा था।

जब समाजसेवियों को उनकी बीमारी के बारे में जानकारी मिली तो उन्होंने उनके उपचार की जिम्मेदारी उठाने का निर्णय लिया। इसके बाद उन्हें सहसवान स्थित डॉ. रामनिवास गुप्ता हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सक डॉ. आदित्य गुप्ता ने सफलतापूर्वक उनका ऑपरेशन किया। खास बात यह रही कि डॉ. आदित्य गुप्ता ने मानवीय संवेदना का परिचय देते हुए चंद्रावती का ऑपरेशन पूरी तरह निशुल्क किया।

इस पुनीत कार्य में संस्था के अध्यक्ष वेदव्यास शर्मा, डॉ. अमित माहेश्वरी, उमेश चंद शर्मा, हरिओम, राहुल कुमार और शिव गौड़ ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सभी के सामूहिक प्रयासों से एक जरूरतमंद बुजुर्ग महिला को बेहतर उपचार मिल सका।

डॉ. आदित्य गुप्ता का यह सहयोग चिकित्सा सेवा के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारी का भी सराहनीय उदाहरण है। आर्थिक या पारिवारिक सहारे से वंचित लोगों के लिए इस तरह की पहल किसी बड़ी राहत से कम नहीं है।

समाजसेवियों की इस पहल ने यह साबित किया कि इंसानियत और अपनापन केवल पारिवारिक रिश्तों तक सीमित नहीं होते। जब कोई व्यक्ति दूसरे के दर्द को समझकर उसकी मदद के लिए आगे आता है, तभी समाज में सेवा, संवेदना और मानवता की भावना मजबूत होती है। वृद्धाश्रम में रह रहीं माता चंद्रावती को मिला यह सहयोग उनके लिए अपनों के स्नेह और सहारे जैसा साबित हुआ।

Spread the love

Check Also

वरिष्ठ पत्रकार चंद्रशेखर कटियार का 75वां जन्मदिन धूमधाम से मनाया, केक काटकर दी दीर्घायु की शुभकामनाएं।

वरिष्ठ पत्रकार चंद्रशेखर कटियार का 75वां जन्मदिन धूमधाम से मनाया, केक काटकर दी दीर्घायु की …