Breaking News

आठ साल में 1002 लोगों के जीवन में लौटाई आंखों की रोशनी, 10 हजार से अधिक मरीजों को मिली मुफ्त दवा।

आठ साल में 1002 लोगों के जीवन में लौटाई आंखों की रोशनी, 10 हजार से अधिक मरीजों को मिली मुफ्त दवा।

संवाददाता, मोहम्मद वसीम 

बहेड़ी (बरेली)। जरूरतमंदों की आंखों का अंधेरा दूर करने और उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से GWS और ख़िदमत ए इंसानियत की ओर से संचालित सेवा अभियान लगातार आठ वर्षों से जारी है। इसी क्रम में शनिवार को नगर के मुंडिया गली स्थित गटूरी सेठ मार्केट में 45वें निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 135 मरीजों की आंखों की जांच की गई। इनमें से 103 मरीजों को निःशुल्क दवाएं वितरित की गईं, जबकि 32 मरीजों को मोतियाबिंद के निःशुल्क ऑपरेशन के लिए पंजीकृत किया गया।

शिविर में SRMS श्री राममूर्ति स्मारक मेडिकल कॉलेज, भोजीपुरा की चिकित्सकीय टीम ने सुबह 10 बजे से दोपहर दो बजे तक मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श दिया। शिविर के समापन पर चिकित्सकों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया और उनके सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया गया।

आयोजकों के अनुसार, पिछले आठ वर्षों में संस्था की ओर से अब तक 44 स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जा चुके हैं। इनके माध्यम से 1002 लोगों के निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन कराकर उनकी आंखों की रोशनी लौटाने में मदद की गई है। वहीं, 10 हजार से अधिक जरूरतमंद मरीजों को मुफ्त दवाएं उपलब्ध कराई जा चुकी हैं। शनिवार को आयोजित शिविर इस सेवा अभियान की 45वीं कड़ी रहा।

इस मौके पर GWS के सदर मीर सय्यद अफजल अली, ख़िदमत ए इंसानियत के जिम्मेदार मुहम्मद शादाब कादरी, मौलाना राशिद मिस्बाही, मौलाना जीशान तहसीनी, डॉ. नफीस अंसारी, मोहम्मद शाहरुख बिन हामिद, वसीम अख्तर अजीजी, सभासद सलीम अहमद चंदा और मोहम्मद अदनान बिन अतहर सहित कमेटी के अन्य सदस्य मौजूद रहे।

स्वास्थ्य सेवाओं के साथ सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय

GWS, ख़िदमत ए इंसानियत और हुसैनी कमेटी की ओर से स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ कई अन्य सामाजिक कार्य भी किए जा रहे हैं। इनमें जरूरतमंद परिवारों को राशन वितरण, मरीजों के इलाज के लिए आर्थिक सहयोग, जरूरतमंदों को रक्त उपलब्ध कराना, निर्धन परिवारों की बेटियों की शादी में सहयोग तथा यतीम और कमजोर बच्चों की शिक्षा की व्यवस्था शामिल है।

 

 

Spread the love

Check Also

डी पॉल स्कूल में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया बाल दिवस, शिक्षकों ने दीं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां।

डी पॉल स्कूल में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया बाल दिवस, शिक्षकों ने दीं सांस्कृतिक …