Breaking News

बहेड़ी राइस मिल एसोसिएशन की कमान फिर नईम अहमद को, नई कार्यकारिणी का निर्विरोध गठन।

बहेड़ी राइस मिल एसोसिएशन की कमान फिर नईम अहमद को, नई कार्यकारिणी का निर्विरोध गठन।

संवाददाता: मोहम्मद वसीम

बहेड़ी (बरेली)। राइस मिल कारोबारियों ने एक बार फिर भाजपा नेता नईम अहमद पर भरोसा जताते हुए उन्हें बहेड़ी राइस मिल एसोसिएशन का अध्यक्ष चुन लिया। शुक्रवार को पंडित राजा की कोठी स्थित कंपाउंड में आयोजित चुनाव प्रक्रिया में एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी के सभी पदाधिकारियों का निर्विरोध चयन किया गया। नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को व्यापारियों की एकजुटता और संगठन के प्रति विश्वास का प्रतीक माना जा रहा है।

चुनाव प्रक्रिया के दौरान मोहम्मद खालिद को उपाध्यक्ष, इंतखाब अहमद को महासचिव, मोहम्मद यासीन पप्पू को सचिव, अलीम अहमद को कोषाध्यक्ष तथा नदीम अहमद को मीडिया प्रभारी चुना गया। वहीं जलीस अहमद डायमंड और हाजी अब्दुल खालिद को संरक्षक की जिम्मेदारी सौंपी गई। चुनाव का संचालन अलीम पप्पू ने किया।

दोबारा अध्यक्ष चुने जाने पर नईम अहमद ने संगठन के सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कारोबारियों ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरना उनकी प्राथमिकता रहेगी। राइस मिल संचालकों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाकर उनके समाधान के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएंगे। साथ ही सभी सदस्यों को साथ लेकर संगठन को और मजबूत बनाया जाएगा।

इस अवसर पर भाजपा नगर अध्यक्ष राहुल गुप्ता ने कहा कि कार्यकारिणी का निर्विरोध निर्वाचन व्यापारियों के बीच आपसी तालमेल और एकता को दर्शाता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नई टीम कारोबारियों के हितों की रक्षा करने के साथ क्षेत्र की व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा देने में सक्रिय भूमिका निभाएगी।

कार्यक्रम में रिछा राइस मिल एसोसिएशन के अध्यक्ष मोहम्मद आरिफ, व्यापार मंडल अध्यक्ष सलीम रहवर, अजीम डायमंड, ताहिर पप्पू, मोहम्मद हसन, दिनकर गुप्ता सहित बड़ी संख्या में व्यापारी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का फूल-मालाओं से स्वागत कर उन्हें बधाई दी गई।

Spread the love

Check Also

विद्युत चोरी के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई पर बदायूं की विजिलेंस टीम सम्मानित, शमशाद अली को मिला प्रशस्ति पत्र।

विद्युत चोरी के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई पर बदायूं की विजिलेंस टीम सम्मानित, शमशाद अली को …