Breaking News

सहसवान में 2027 के चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज, भाजपा में स्थानीय प्रत्याशी की मांग ने पकड़ा जोर।

सपा के वोट बैंक में लगातार बढ़ोतरी, भाजपा ने भी मजबूत किया जनाधार; टिकट की दौड़ में अनुज माहेश्वरी और नमित गुप्ता के नाम चर्चा में।

प्रधान संपादक, रवि कुमार शाक्य 

बदायूं। सहसवान विधानसभा क्षेत्र-113 में वर्ष 2027 के आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। क्षेत्र में समाजवादी पार्टी का जनाधार लंबे समय से मजबूत रहा है, लेकिन पिछले तीन विधानसभा चुनावों के आंकड़ों पर नजर डालें तो भारतीय जनता पार्टी ने भी अपने मत प्रतिशत और वोट बैंक में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की है। इस बार भाजपा के सामने स्थानीय प्रत्याशी को टिकट देने का मुद्दा भी जोर पकड़ता दिखाई दे रहा है।

वर्ष 2012 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी ओमकार सिंह यादव को 72,946 मत प्राप्त हुए थे, जबकि भाजपा प्रत्याशी शकील आलम सैफी को मात्र 3,000 मत मिले थे। इसके बाद वर्ष 2017 के चुनाव में सपा प्रत्याशी ओमकार सिंह यादव को 77,543 मत मिले, वहीं भाजपा प्रत्याशी आशुतोष वार्ष्णेय उर्फ भोला को 24,152 मत प्राप्त हुए।

वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में सपा प्रत्याशी बृजेश यादव को 83,673 मत मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी डीके भारद्वाज ने 66,616 मत हासिल किए। इन चुनावी आंकड़ों से स्पष्ट है कि वर्ष 2012 से 2022 के बीच समाजवादी पार्टी के मतों में लगातार वृद्धि हुई। वहीं भाजपा ने भी अपने वोट बैंक में बड़ी बढ़ोतरी दर्ज की। वर्ष 2012 के मुकाबले 2022 में भाजपा के मतों में उल्लेखनीय इजाफा हुआ और दोनों दलों के बीच चुनावी मुकाबला पहले से अधिक मजबूत दिखाई दिया।

स्थानीय प्रत्याशी का मुद्दा बना चर्चा का विषय

सहसवान विधानसभा क्षेत्र में इस बार भाजपा के सामने स्थानीय प्रत्याशी को टिकट देने की मांग एक प्रमुख राजनीतिक मुद्दा बनती जा रही है। पिछले तीन विधानसभा चुनावों में भाजपा ने स्थानीय दावेदारों के बजाय बाहरी प्रत्याशियों को चुनाव मैदान में उतारा था। ऐसे में आगामी चुनाव को लेकर स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच क्षेत्र के ही किसी नेता को प्रत्याशी बनाए जाने की मांग जोर पकड़ रही है।

फिलहाल भाजपा के जिला उपाध्यक्ष अनुज माहेश्वरी और पूर्व भाजपा जिला उपाध्यक्ष सुभाष गुप्ता के पुत्र नमित गुप्ता के नाम टिकट की दौड़ में चर्चा में हैं। दोनों ही अपनी-अपनी दावेदारी को लेकर राजनीतिक चर्चाओं के केंद्र में हैं। स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से भी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से सहसवान विधानसभा क्षेत्र में स्थानीय प्रत्याशी को प्राथमिकता देने की मांग की जा रही है।

भाजपा के सामने टिकट चयन की चुनौती

अब राजनीतिक गलियारों में सबसे बड़ा सवाल यह है कि भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव में स्थानीय प्रत्याशी की मांग को कितनी प्राथमिकता देती है या फिर एक बार दोबारा किसी बाहरी प्रत्याशी पर भरोसा जताती है। इसके साथ ही पार्टी के सामने समाजवादी पार्टी के लगातार बढ़ते मतों और अपने मजबूत होते जनाधार के बीच चुनावी रणनीति तैयार करने की चुनौती भी रहेगी।

वर्ष 2012, 2017 और 2022 के चुनाव परिणाम सहसवान विधानसभा की बदलती राजनीतिक तस्वीर को सामने रखते हैं। ऐसे में वर्ष 2027 का विधानसभा चुनाव कई मायनों में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। स्थानीय प्रत्याशी का मुद्दा, दोनों प्रमुख दलों का जनाधार और टिकट वितरण का फैसला आने वाले समय में सहसवान की राजनीति की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।

Spread the love

Check Also

दातागंज में 17 वर्षीय किशोर की संदिग्ध मौत, तालाब में मिला क्षत-विक्षत शव; हत्या का आरोप लगाकर परिजनों का हंगामा।

दातागंज में 17 वर्षीय किशोर की संदिग्ध मौत, तालाब में मिला क्षत-विक्षत शव; हत्या का …