Breaking News

शिक्षा के विस्तार से ही बनेगा राष्ट्र का भविष्य : श्रुति गंगवार।

रेड रोजेज पब्लिक स्कूल के नवनिर्मित भवन का सांसद श्रुति गंगवार और एमएलसी कुंवर महाराज सिंह ने किया लोकार्पण, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन।

फतेहगंज पश्चिमी/बरेली। शिक्षा का विस्तार ही समाज और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है। विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कदम है। यह बात राज्यसभा सांसद श्रुति गंगवार ने कस्बे के रेड रोजेज पब्लिक स्कूल के नवनिर्मित भवन के लोकार्पण समारोह में कही।

पूर्व सांसद एवं राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार के प्रयासों से बनवाए गए विद्यालय के नवनिर्मित भवन का बुधवार को राज्यसभा सांसद श्रुति गंगवार और विधान परिषद सदस्य कुंवर महाराज सिंह ने संयुक्त रूप से फीता काटकर लोकार्पण किया। कार्यक्रम में विधायक डॉ. डीसी वर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

सांसद श्रुति गंगवार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा के साथ अनुशासन और समय का सदुपयोग भी बेहद जरूरी है। बच्चों को मोबाइल पर अनावश्यक समय बिताने के बजाय अपनी पढ़ाई और लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

एमएलसी कुंवर महाराज सिंह और विधायक डॉ. डीसी वर्मा ने भी शिक्षा को सामाजिक एवं राष्ट्रीय विकास का आधार बताते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इससे पूर्व विद्यालय परिसर में अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने समारोह में मौजूद लोगों का दिल जीत लिया। पूरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

विद्यालय प्रबंधक अजय सक्सेना ने सांसद श्रुति गंगवार, एमएलसी कुंवर महाराज सिंह, विधायक डॉ. डीसी वर्मा, भाजपा ब्रज क्षेत्र मंत्री शुभासनी जायसवाल, जिलाध्यक्ष सोमपाल शर्मा और समाजसेवी रमन जायसवाल को शॉल ओढ़ाकर एवं स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया।

कार्यक्रम के अंत में प्रबंधक अजय सक्सेना और प्रधानाचार्य प्रियंका सक्सेना ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन राहुल युद्धवंशी ने किया।

इस अवसर पर पूर्व चेयरमैन कृष्ण पाल मौर्य, धर्म विजय गंगवार, मेजर सुशील कुमार सक्सेना, दिनेश पांडेय, हरीश गंगवार, कैलाश शर्मा, केपी राणा, चक्रवीर सिंह चौहान, ठाकुर सिंटू सिंह, प्रेमपाल गंगवार, आशीष अग्रवाल, डॉ. मुदित प्रताप सिंह, संदीप गुप्ता, राजीव मिश्रा, अंकित भारद्वाज, सौरभ पाठक, अतहर हुसैन, ठेकेदार निजाम भाई सहित विद्यालय स्टाफ, अभिभावक एवं कस्बे के गणमान्य लोग मौजूद रहे।

 

 

Spread the love

Check Also

एसपी ग्रामीण ने किया मुजरिया थाने का अर्धवार्षिक निरीक्षण।

एसपी ग्रामीण ने किया मुजरिया थाने का अर्धवार्षिक निरीक्षण। बदायूं। एसपी ग्रामीण डॉ. हृदेश कठेरिया …