Breaking News

उझानी रामलीला में श्रीराम ने तोड़ा शिव धनुष, सीता स्वयंवर का मंचन देख भाव-विभोर हुए श्रद्धालु।

 

उझानी रामलीला में श्रीराम ने तोड़ा शिव धनुष, सीता स्वयंवर का मंचन देख भाव-विभोर हुए श्रद्धालु।

उझानी (बदायूं)। नगर में आयोजित श्री रामलीला महोत्सव में गुरुवार, 15 अक्टूबर को भक्ति और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। श्री हरि रासलीला मंडल, वृंदावन के कलाकारों ने धनुष यज्ञ, शिव धनुष खंडन और माता सीता के स्वयंवर की लीला का सजीव मंचन कर दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया। भगवान श्रीराम द्वारा शिव धनुष तोड़ने के दृश्य पर पूरा रामलीला मैदान जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा।

रामलीला के मंचन के दौरान राजा जनक के दरबार में भगवान शिव का दिव्य धनुष लाया गया। सीता स्वयंवर में शामिल होने पहुंचे बड़े-बड़े राजा-महाराजा धनुष को उठाने में असफल रहे। इससे राजा जनक सहित दरबार में उपस्थित सभी लोग चिंतित नजर आए। इसी बीच गुरु विश्वामित्र के आदेश पर भगवान श्रीराम आगे बढ़े और सहजता से शिव धनुष को उठाकर उस पर प्रत्यंचा चढ़ाने लगे। इसी दौरान धनुष खंडित हो गया। धनुष टूटने की गड़गड़ाहट के साथ ही पूरा पंडाल जय श्रीराम के गगनभेदी जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने तालियां बजाकर भगवान श्रीराम के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की।

इसके बाद सखियों के साथ सजी-धजी माता सीता ने भगवान श्रीराम के गले में जयमाला डालकर उन्हें अपने वर के रूप में स्वीकार किया। सीता स्वयंवर का यह मनोहारी दृश्य देखकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो गए। पूरे रामलीला मैदान में उत्साह और भक्ति का माहौल छा गया।

इस धार्मिक आयोजन में नगर के प्रतिष्ठित गल्ला व्यापारी अजय गर्ग, विजय गर्ग और साकेत गर्ग सपरिवार मुख्य यजमान के रूप में शामिल हुए। यजमान परिवार ने मंच पर विराजमान भगवान श्रीराम और माता जानकी का विधिवत तिलक-पूजन किया। इसके बाद आरती और माल्यार्पण कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं मंगलमय जीवन की कामना की।

यजमान परिवार के सम्मान में श्री रामलीला महोत्सव उझानी कमेटी की ओर से विशेष सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कमेटी अध्यक्ष सचिन अग्रवाल, महामंत्री अरविन्द शाक्य, कोषाध्यक्ष मनमोहन शर्मा तथा संरक्षक धनसुख अग्रवाल और कार्तिक अग्रवाल ने यजमान परिवार को शाल ओढ़ाकर एवं भगवान श्रीराम के आशीर्वाद स्वरूप स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।

इस अवसर पर कमेटी पदाधिकारियों ने कहा कि गर्ग परिवार का रामलीला महोत्सव में सहयोग सराहनीय है। इस प्रकार के धार्मिक आयोजन हमारी सांस्कृतिक परंपराओं और धार्मिक विरासत को जीवंत बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। रामलीला के मंचन को देखने के लिए देर रात तक बड़ी संख्या में नगरवासी मौजूद रहे। पूरा आयोजन श्रद्धा, भक्ति और धार्मिक उत्साह के वातावरण में संपन्न हुआ।

 

 

Spread the love

Check Also

लेखपाल पर रिश्वतखोरी के आरोप, भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी का प्रदर्शन।

एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग, मांगें पूरी न होने पर …