Breaking News

उझानी में बंद घर को चोरों ने बनाया निशाना, 20 से 25 लाख के जेवर और नकदी चोरी होने का दावा।

उझानी में बंद घर को चोरों ने बनाया निशाना, 20 से 25 लाख के जेवर और नकदी चोरी होने का दावा।

उझानी (बदायूं)। नगर के मोहल्ला नझियाई में बीती रात अज्ञात चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाकर चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। चोर घर के अंदर रखे जेवर और नकदी समेत कीमती सामान समेटकर फरार हो गए। गृहस्वामिनी उर्मिला के मुताबिक, चोरी गए सामान की कीमत करीब 20 से 25 लाख रुपये के बीच है। सुबह घर लौटने पर चोरी की जानकारी हुई तो मोहल्ले में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, स्वर्गीय सुरेश वाल्मीकि की पत्नी उर्मिला नगर के मोहल्ला नझियाई में कल्लू सभासद की गली में रहती हैं। बताया गया कि बीते दिन वह अपने घर पर ताला लगाकर भतीजे जितेन्द्र के साथ बरेली स्थित रिश्तेदारी में गई थीं। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने बंद मकान को निशाना बना लिया।

बताया जा रहा है कि चोर पड़ोसी के छज्जे के रास्ते घर में दाखिल हुए। इसके बाद उन्होंने अलमारी और बक्सों के ताले तोड़ दिए तथा घर में रखे सामान को खंगाल डाला। चोर जेवर और नकदी समेत कीमती सामान लेकर फरार हो गए। वारदात के दौरान घर में मौजूद किसी व्यक्ति को इसकी भनक तक नहीं लगी।

भतीजे जितेन्द्र ने बताया कि वह अपनी बुआ उर्मिला के साथ बरेली गए थे। सुबह जब दोनों वापस लौटे तो घर के अंदर का सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी और बक्सों को खंगाला गया था। घर की हालत देखकर उन्हें चोरी होने का पता चला। इसके बाद आसपास के लोगों को जानकारी दी गई।

चोरी की खबर फैलते ही मोहल्ले में लोगों की भीड़ जुट गई। गृहस्वामिनी उर्मिला चोरी की घटना से सदमे में आ गईं और उनकी हालत बिगड़ गई। बताया गया कि वह कई बार बेहोश हो गईं, जिसके बाद पड़ोसियों ने उन्हें संभाला। उर्मिला के मुताबिक, उनके बेटे और बेटी के आने के बाद ही चोरी गए सामान की पूरी जानकारी मिल सकेगी और नुकसान का सही आकलन हो पाएगा।

घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के मकानों के साथ कछला रोड तक लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर चोरों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। घटना से क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल है।

 

 

Spread the love

Check Also

लेखपाल पर रिश्वतखोरी के आरोप, भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी का प्रदर्शन।

एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग, मांगें पूरी न होने पर …