उत्तर प्रदेश, इलिया/चंदौली-: इलिया थाना क्षेत्र के शिवपुर गांव में एक हृदयविदारक घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया। मंगलवार की देर रात गांव के एक कुएं से 6 वर्षीय मासूम आरुष का शव बरामद किया गया। मृतक आरुष सरोज कुमार का पुत्र था, जो मुंबई में मजदूरी करते हैं। मंगलवार शाम करीब 5 बजे से आरुष लापता था। मां संजू देवी और ग्रामीणों ने पूरे गांव में उसकी तलाश की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। परेशान होकर परिवार ने पुलिस को घटना की जानकारी दी।सूचना मिलने पर थाना अध्यक्ष प्रियंका सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचीं।
उन्होंने गांव में सघन तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान संदेह होने पर गांव के एक पुराने कुएं को खंगाला गया, जहां से मासूम का शव निकाला गया। इस घटना के बाद गांव में मातम छा गया।मां संजू देवी बेटे की मौत से सदमे में हैं और बार-बार बेहोश हो जा रही हैं। वहीं घटना की सूचना मिलने पर पिता सरोज कुमार मुंबई से गांव के लिए रवाना हो गए हैं। आरुष के परिवार में मां, पिता और एक बड़ी बहन हैं। इकलौते बेटे को खोने के बाद पूरा परिवार शोक में डूबा हुआ है। पुलिस ने बच्चे के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और घटना के कारणों की जांच में जुटी है।
फाइल फोटो आरूष।
रिपोर्ट- घूरेलाल कन्नौजिया, चन्दौली।