Breaking News

जनगणना क्षेत्रों का एसडीएम ने किया औचक निरीक्षण, स्व-गणना अभियान में तेजी लाने के निर्देश।

स्व-गणना की प्रगति परखी, प्रचार-प्रसार बढ़ाने की अपील; नागरिकों से परिवार सहित स्व-गणना पूर्ण करने का आग्रह।

संवाददाता, वसीम कुरैशी 

गंजडुंडवारा, कासगंज। जनगणना-2027 की तैयारियों को गति देने और स्व-गणना अभियान को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को जनगणना चार्ज अधिकारी एवं उपजिलाधिकारी/अधिशासी अधिकारी मो. नासिर ने नगर क्षेत्र के विभिन्न जनगणना क्षेत्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुपरवाइजर (सर्किल-003) मोहम्मद बबलू खान के अधीन जनगणना क्षेत्र ईबी-0072, 0074, 008601, 008602, 0087, 0088 एवं 0089 का निरीक्षण कर कार्य की प्रगति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने संबंधित कर्मचारियों से स्व-गणना अभियान की स्थिति और अब तक हुई प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि स्व-गणना के संबंध में अधिक से अधिक लोगों तक जानकारी पहुंचाई जाए, ताकि नागरिक प्रक्रिया को समझकर स्वयं इसमें भागीदारी कर सकें। उन्होंने कहा कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में प्रत्येक परिवार की सहभागिता आवश्यक है। इसके लिए घर-घर संपर्क के साथ प्रचार-प्रसार के अन्य माध्यमों का भी उपयोग किया जाए।

उन्होंने आम नागरिकों को स्वयं एवं अपने परिवार के सभी सदस्यों की स्व-गणना निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पूर्ण कराने के लिए प्रेरित किया। साथ ही संबंधित कार्मिकों को जिम्मेदारी के साथ कार्य करने और अभियान की प्रगति पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए।

एसडीएम ने कहा कि जनगणना से प्राप्त आंकड़े देश और समाज के विकास के लिए योजनाएं तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए नागरिक इसे केवल सरकारी प्रक्रिया न समझें, बल्कि राष्ट्रीय दायित्व मानते हुए सक्रिय सहयोग करें। नगर पालिका परिषद की ओर से भी लोगों से स्व-गणना अपनाकर जनगणना-2027 को सफल बनाने में योगदान देने की अपील की गई।

Spread the love

Check Also

एक स्वर, एक संविधान की गूंज के साथ मनाया गया संविधान दिवस।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अपेक्षा सिंह ने तशकिला स्कूल के छात्र-छात्राओं को दिलाई …