Breaking News

बंद मकानों के ताले तोड़कर चोरी करने वाले छह सदस्यीय गिरोह का पर्दाफाश, तीन गिरफ्तार।

जिला बदर अपराधी भी गिरोह में शामिल, कबाड़ी के जरिए बेचते थे चोरी का माल; दो इन्वर्टर, दो बैटरी, सिलेंडर और ऑटो समेत हजारों का सामान बरामद।

संवाददाता, मोहम्मद वसीम 

देवरनिया (बरेली)। बंद मकानों को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले छह सदस्यीय गिरोह का देवरनिया पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से दो इन्वर्टर, दो बैटरी, गैस सिलेंडर, कंप्यूटर सीपीयू, यूपीएस, पीतल और स्टील के बर्तन, नकदी सहित वारदात में इस्तेमाल थ्री व्हीलर ऑटो बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक जिला बदर अपराधी भी शामिल है। गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, गिरोह के सदस्य पहले बंद मकानों की रेकी करते थे और मौका मिलते ही ताले तोड़कर इन्वर्टर, बैटरी, गैस सिलेंडर और घरेलू सामान चोरी कर थ्री व्हीलर ऑटो से फरार हो जाते थे। चोरी का सामान कबाड़ी के जरिए ठिकाने लगाया जाता था। 17 अक्टूबर की रात ग्राम खड़ा रामनगर में ग्राम पंचायत सचिवालय समेत पांच स्थानों पर ताले तोड़कर चोरी की गई थी। इस मामले में प्रधानपति बुलाकी राम की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके बाद दो नवंबर को कल्याणपुर राठ गांव में एक बंद मकान में चोरी का प्रयास कर रहे बदमाशों ने विरोध करने पहुंचे धर्मपाल के सिर पर हमला कर दिया था और मौके से फरार हो गए थे। इन घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी अचल कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम गिरोह की तलाश में जुटी थी।

बुधवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि चोरी की घटनाओं में शामिल संदिग्ध हरे-पीले रंग के थ्री व्हीलर ऑटो से ग्राम कठर्रा ढाल की ओर घूम रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने ग्राम वसुपुरा ढाल स्थित बंद पड़े अंडरपास के पास घेराबंदी की। वहां एक हरे-पीले रंग के ऑटो में तीन व्यक्ति सामान रख रहे थे। पुलिस को देखकर उन्होंने भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान सोमपाल और होतेलाल निवासी लोहार नगला तथा विपिन साहू निवासी सफरी, थाना फतेहगंज पश्चिमी के रूप में हुई है।

पूछताछ में गिरोह के काम करने का तरीका भी सामने आया। पुलिस के अनुसार, विपिन साहू कबाड़ी का काम करता था और गिरोह के अन्य सदस्य चोरी का सामान उसे बेचते थे। इसके बाद वह सामान आगे बेचकर मिली रकम गिरोह के सदस्यों में बांट देता था। आरोपियों ने बहेड़ी क्षेत्र में चोरी किए गए सामान को करीब 30 हजार रुपये में बेचने की बात स्वीकार की है। वहीं, देवरनिया क्षेत्र के पंचायत सचिवालय और अन्य बंद मकानों से चोरी किए गए सामान का कुछ हिस्सा भी पहले बेचा जा चुका था।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एसएफ सोनिक और अमेज कंपनी के दो इन्वर्टर, ल्यूमिनस और आई-लास्ट कंपनी की दो बैटरी, इंडेन गैस सिलेंडर, जेब्रोनिक्स कंपनी का सीपीयू, इंटेक्स यूपीएस, पीतल के बर्तन, स्टील की टंकी और अन्य घरेलू बर्तन बरामद किए हैं। इसके अलावा ताले और गेट तोड़ने में इस्तेमाल होने वाली लोहे की सब्बल, प्लास और पेचकस भी मिले हैं। पुलिस ने 6,400 रुपये नकद और वारदात में प्रयुक्त बजाज थ्री व्हीलर ऑटो (यूपी25एफटी9193) को भी कब्जे में लिया है।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों के अलावा पवन निवासी अग्रास, यशपाल निवासी गुडवारा और वेदपाल निवासी लोहार नगला के नाम भी सामने आए हैं। इनमें पवन और यशपाल अन्य मामलों में गिरफ्तार होकर जिला कारागार में बंद हैं। दोनों को संबंधित मुकदमों में तलब कराने की कार्रवाई की जा रही है, जबकि वेदपाल वांछित है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम दबिश दे रही है। गिरफ्तार सोमपाल थाना फतेहगंज पश्चिमी का जिला बदर अपराधी भी है।

गिरोह का पर्दाफाश करने वाली पुलिस टीम में थाना प्रभारी अचल कुमार, वरिष्ठ उपनिरीक्षक विपिन कुमार, उपनिरीक्षक शेखर खोखर, पुष्पेंद्र शर्मा, हेड कांस्टेबल दानिश, शमशुल हसन, कांस्टेबल संदीप कुमार, पवन बंसल, राजन, बिट्टू सिंह और सौरभ शर्मा शामिल रहे। पुलिस के अनुसार, इस कार्रवाई से देवरनिया और बहेड़ी क्षेत्र में दर्ज चोरी के मामलों के खुलासे में मदद मिली है। गिरोह से जुड़े अन्य मामलों की भी जांच की जा रही है।

 

 

Spread the love

Check Also

एसपी ग्रामीण ने किया मुजरिया थाने का अर्धवार्षिक निरीक्षण।

एसपी ग्रामीण ने किया मुजरिया थाने का अर्धवार्षिक निरीक्षण। बदायूं। एसपी ग्रामीण डॉ. हृदेश कठेरिया …