Breaking News

केसर मिल के बकाया भुगतान पर किसानों का सब्र टूटा, अब आर-पार की लड़ाई का ऐलान।

केसर मिल के बकाया भुगतान पर किसानों का सब्र टूटा, अब आर-पार की लड़ाई का ऐलान।

संवाददाता, मोहम्मद वसीम 

बहेड़ी/बरेली। केसर शुगर मिल से गन्ना मूल्य का बकाया भुगतान नहीं मिलने से किसानों का धैर्य जवाब देने लगा है। लंबे समय से भुगतान की मांग कर रहे किसानों ने अब आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है। बुधवार को बड़ी संख्या में एकत्रित किसानों ने जिला गन्ना अधिकारी के माध्यम से उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर दो पेराई सत्रों का बकाया गन्ना मूल्य ब्याज सहित तत्काल दिलाने की मांग की। किसानों ने चेतावनी दी कि जल्द भुगतान नहीं हुआ तो बहेड़ी में अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा।

किसानों का कहना है कि उन्होंने पेराई सत्र 2024-25 और 2025-26 के दौरान केसर एंटरप्राइजेज लिमिटेड को गन्ने की आपूर्ति की थी। इसके सभी जरूरी दस्तावेज और तौल पर्चियां उनके पास मौजूद हैं, लेकिन महीनों बीतने के बाद भी उन्हें अपनी मेहनत की कमाई नहीं मिल सकी है। प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद हाल ही में कुछ भुगतान जरूर हुआ है, लेकिन कुल बकाया के मुकाबले यह बेहद कम है। किसानों का कहना है कि अभी भी बड़ी रकम मिल पर लंबित है।

भुगतान में देरी से बिगड़ा किसानों का आर्थिक गणित

किसानों ने कहा कि गन्ना भुगतान में लगातार देरी से उनकी आर्थिक स्थिति खराब हो रही है। अगली फसल की तैयारी, खाद-बीज की खरीद, सिंचाई और पुराने कर्ज की अदायगी प्रभावित हो रही है। यहां तक कि परिवार का रोजमर्रा का खर्च और बच्चों की पढ़ाई का इंतजाम करना भी मुश्किल होता जा रहा है। किसानों का आरोप है कि मिल प्रबंधन की ओर से भुगतान को लेकर कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया जा रहा है और न ही बकाया चुकाने की निश्चित समय-सीमा बताई जा रही है।

अब आश्वासन नहीं, भुगतान की तारीख चाहिए

ज्ञापन के माध्यम से किसानों ने दोनों पेराई सत्रों के बकाया गन्ना मूल्य का ब्याज सहित भुगतान कराने, मिल प्रबंधन से जवाब तलब करने और भुगतान की स्पष्ट समय-सीमा निर्धारित करने की मांग की। किसानों ने कहा कि लंबे समय से केवल आश्वासन मिल रहे हैं, लेकिन अब वे और इंतजार करने की स्थिति में नहीं हैं।

किसानों ने दो टूक चेतावनी दी कि यदि जल्द ही भुगतान की ठोस व्यवस्था नहीं की गई तो बहेड़ी में अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा। आंदोलन की स्थिति बनने पर इसकी जिम्मेदारी मिल प्रबंधन के साथ शासन-प्रशासन की भी होगी।

इस दौरान चौधरी विजेंद्र सिंह, इकबाल सिंह, चौधरी पुष्पेंद्र सिंह एडवोकेट, केंद्र पाल सिंह (पूर्व अध्यक्ष गन्ना समिति), तरसेम सिंह, ओमबीर राठी, अर्पित चौधरी, लखविंद्र सिंह, हरभगत सिंह, ब्रह्मस्वरूप सागर और सुरेंद्र सिंह बैनीवाल सहित बड़ी संख्या में गन्ना किसान मौजूद रहे।

 

Spread the love

Check Also

एसपी ग्रामीण ने किया मुजरिया थाने का अर्धवार्षिक निरीक्षण।

एसपी ग्रामीण ने किया मुजरिया थाने का अर्धवार्षिक निरीक्षण। बदायूं। एसपी ग्रामीण डॉ. हृदेश कठेरिया …