Breaking News

किसान दिवस में किसानों की समस्याएं सुन सीडीओ ने दिए निस्तारण के निर्देश, 30 नवंबर तक कराएं आलू पंजीकरण।

किसान दिवस में किसानों की समस्याएं सुन सीडीओ ने दिए निस्तारण के निर्देश, 30 नवंबर तक कराएं आलू पंजीकरण।

बदायूं। विकास भवन सभागार में बुधवार को मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला की अध्यक्षता में किसान दिवस का आयोजन किया गया। इसमें किसानों ने छुट्टा गोवंश, क्रय केंद्र, बिजली आपूर्ति, गन्ना खरीद और एफपीओ से जुड़ी समस्याएं उठाईं। सीडीओ ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को किसानों की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए।

किसान दिवस का शुभारंभ उप कृषि निदेशक ने किसानों एवं अधिकारियों का स्वागत कर किया। उन्होंने फार्मर रजिस्ट्री कार्यक्रम की जानकारी देते हुए सभी किसानों से अपनी फार्मर रजिस्ट्री कराने की अपील की। उन्होंने बताया कि रबी सीजन में गेहूं सहित अन्य फसलों का बीज प्राप्त करने के इच्छुक किसान नजदीकी जनसेवा केंद्र के माध्यम से बुकिंग करा सकते हैं। चयन होने के बाद ही राजकीय कृषि बीज भंडार से बीज उपलब्ध कराया जाएगा। जिन किसानों के कृषक पंजीकरण में भूमि का अंश दर्ज नहीं है, वे उप कृषि निदेशक कार्यालय में पहुंचकर इसे दर्ज करा सकते हैं।

बैठक में ग्राम करौलिया निवासी किसान नरव्रेश सिंह ने छुट्टा गोवंशों को पकड़वाने का मुद्दा उठाया। इस पर उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. अब्दुल रहीम ने बताया कि संबंधित खंड विकास अधिकारी को अवगत करा दिया गया है। वहीं, जिला उद्यान अधिकारी के प्रतिनिधि ने किसानों से 30 नवंबर 2026 तक आलू का पंजीकरण कराने की अपील की।

किसान रामबाबू यादव ने उसावां में बाजरा क्रय केंद्र नहीं खोले जाने की समस्या उठाई। इस पर जिला खाद्य विपणन अधिकारी के प्रतिनिधि ने बताया कि जनपद में धान के 46 और बाजरा के 16 क्रय केंद्र संचालित हैं। तहसील दातागंज में बाजरा के चार क्रय केंद्र खोले जाएंगे। गन्ना क्रय केंद्रों को लेकर किसानों के सवालों पर जिला गन्ना अधिकारी ने जानकारी दी।

ग्राम सिलहरी निवासी किसान राम औतार मिश्रा ने सुबह 6 से 9 बजे तक विद्युत आपूर्ति की समस्या उठाई। इस पर अधिशासी अभियंता विद्युत प्रथम खंड ने बताया कि शासन द्वारा निर्धारित रोस्टर के अनुसार बिजली आपूर्ति की जा रही है। एफपीओ निदेशक वीरेश तोमर ने सहकारिता विभाग के साथ हुए अनुबंध के संबंध में जानकारी मांगी। इस पर सीडीओ ने सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता को सभी एफपीओ की बैठक आयोजित कराने के निर्देश दिए।

अंत में मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसान दिवस में प्राप्त शिकायतों और किसानों द्वारा उठाई गई समस्याओं का समयबद्ध एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। इस अवसर पर कृषि, ऊर्जा, पशुपालन, सिंचाई, मत्स्य, नलकूप, गन्ना, विपणन एवं उद्यान विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और किसान मौजूद रहे।

 

 

Spread the love

Check Also

एसपी ग्रामीण ने किया मुजरिया थाने का अर्धवार्षिक निरीक्षण।

एसपी ग्रामीण ने किया मुजरिया थाने का अर्धवार्षिक निरीक्षण। बदायूं। एसपी ग्रामीण डॉ. हृदेश कठेरिया …