Breaking News

कंप्यूटर क्लास में छात्राओं से अभद्रता का आरोप, शिक्षक पर पॉक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज।

अभिभावकों के विरोध के बाद स्कूल प्रबंधन ने शिक्षक को किया बर्खास्त, पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया।

संवाददाता, मोहम्मद वसीम 

बहेड़ी (बरेली)। इंग्लिश मीडियम स्कूल में छात्राओं की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला सामने आया है। कंप्यूटर क्लास के दौरान शिक्षक पर कई छात्राओं के साथ अशोभनीय व्यवहार करने और उन्हें गलत तरीके से छूने के आरोप लगे हैं। छात्राओं ने घर पहुंचकर परिजनों को अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी, जिसके बाद मामला सामने आने पर अभिभावकों में आक्रोश फैल गया। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ छेड़छाड़ और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है।

जानकारी के अनुसार बहेड़ी के एक इंग्लिश मीडियम स्कूल में कंप्यूटर की पढ़ाई के दौरान शिक्षक पर छात्राओं के साथ अभद्रता करने का आरोप है। स्कूल की छुट्टी होने के बाद छात्राओं ने घर पहुंचकर परिजनों को आपबीती बताई। इसके बाद कई अभिभावक स्कूल पहुंच गए और प्रधानाचार्य के सामने विरोध जताते हुए आरोपी शिक्षक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए स्कूल प्रबंधन ने आरोपी कंप्यूटर शिक्षक को तत्काल प्रभाव से बर्खास्त कर दिया। इसके बाद चार-पांच अभिभावकों ने थाने पहुंचकर पुलिस को लिखित शिकायत दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू की और संबंधित कक्षा में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली।

पुलिस ने आरोपी कंप्यूटर शिक्षक आयुष शर्मा पुत्र दिनेश शर्मा निवासी मोहल्ला महादेवपुरम को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। अभिभावकों की शिकायत के आधार पर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। एफआईआर में आरोपी के खिलाफ पूर्व में एक अन्य स्कूल में भी इसी तरह की शिकायत मिलने का उल्लेख किया गया है।

इंस्पेक्टर दिनेश कुमार शर्मा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। छात्राओं के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Spread the love

Check Also

तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार परिवार को रौंदा, पिता-पुत्र की मौके पर मौत, पत्नी गंभीर।

तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार परिवार को रौंदा, पिता-पुत्र की मौके पर मौत, पत्नी …