Breaking News

नेशनल इंटर कॉलेज के छात्रों ने मंडल व जनपद स्तर पर मचाया धमाल, 18 बच्चों का प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिताओं हेतु चयन।

नेशनल इंटर कॉलेज के छात्रों ने मंडल व जनपद स्तर पर मचाया धमाल, 18 बच्चों का प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिताओं हेतु चयन।

घूरेलाल कन्नौजिया, संवाददाता 

सैयदराजा (चंदौली)। नगर पंचायत स्थित नेशनल इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद व अन्य गतिविधियों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया है। बच्चों की उपलब्धियों ने न केवल विद्यालय, बल्कि पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित किया है।

विद्यालय प्रशासन और शिक्षकों के सतत मार्गदर्शन का परिणाम है कि वर्ष 2025 में यहाँ के कई विद्यार्थियों का चयन आईआईटी, नीट तथा सीयूईटी के माध्यम से दिल्ली विश्वविद्यालय, इलाहाबाद विश्वविद्यालय सहित अन्य प्रतिष्ठित संस्थानों में हुआ है। वहीं बोर्ड परीक्षा 2025 में भी बच्चों ने शानदार सफलता हासिल की। खेलकूद के क्षेत्र में भी कॉलेज के बच्चों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। जनपद स्तर पर आयोजित कुश्ती प्रतियोगिता में विद्यालय की दो छात्राओं ने विभिन्न वर्गों में प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त किया।

वॉलीबॉल प्रतियोगिता में अंडर-14, अंडर-17 बालक वर्ग और अंडर-19 बालिका वर्ग में कॉलेज विजेता बना, जबकि अंडर-14 बालिका एवं अंडर-19 बालक वर्ग में उपविजेता रहा।

मंडल स्तरीय प्रतियोगिताओं में भी विद्यालय के छात्रों का शानदार प्रदर्शन रहा। वाराणसी मंडल में अंडर-14 और अंडर-17 बालक वर्ग में कॉलेज विजेता रहा, जबकि अंडर-19 बालिका वर्ग में उपविजेता बना।

इन शानदार उपलब्धियों के आधार पर विद्यालय के 18 छात्रों का चयन प्रदेश स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता के लिए हुआ है। साथ ही, बैडमिंटन प्रतियोगिता में भी विद्यालय का एक छात्र प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता हेतु चयनित हुआ।

इस सफलता के उपलक्ष्य में आयोजित सम्मान समारोह में प्रधानाचार्य अनिल कुमार सिंह ने बच्चों के परिश्रम व संकल्प की सराहना करते हुए उन्हें आगे की तैयारी हेतु हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि विद्यालय अपने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है।

बच्चों की सफलता में खेल प्रशिक्षक पंकज कुमार सिंह और बैडमिंटन कोच भारत भूषण सिंह का विशेष योगदान रहा, जिन्होंने नियमित अभ्यास और उचित मार्गदर्शन देकर छात्रों को राज्य स्तर तक पहुँचाने में अहम भूमिका निभाई।

सम्मान कार्यक्रम में विद्यालय के अध्यापक रजनीश, पंकज सिंह, मारकंडेय प्रसाद, बबलू गुप्ता, सुनील यादव, रामाश्रय प्रसाद, नीरज मिश्रा, दीनबंधु सहित सैकड़ों छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। विद्यालय परिवार ने बच्चों की इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त किया।

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!