Breaking News

जिला निर्वाचन अधिकारी ने ईवीएम डेमोंस्ट्रेशन सेंटर का किया निरीक्षण, स्वयं भी किया मॉकपोल।

राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भी मॉकपोल कर समझी मतदान प्रक्रिया, तहसील मुख्यालयों पर स्थापित हैं प्रदर्शन केंद्र।

बदायूं। विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों और मतदाता जागरूकता अभियान के तहत जनपद में मतदाताओं को इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) एवं वीवीपैट की कार्यप्रणाली से परिचित कराने के लिए सभी तहसील मुख्यालयों पर ईवीएम डेमोंस्ट्रेशन सेंटर स्थापित किए गए हैं। इन केंद्रों पर मॉकपोल के माध्यम से मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रदर्शन कराया जा रहा है। बुधवार को जिला निर्वाचन अधिकारी अवनीश राय ने ईवीएम डेमोंस्ट्रेशन सेंटर का निरीक्षण किया और स्वयं भी मॉकपोल किया।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि यह अभियान 20 नवंबर 2026 से शुरू हो चुका है, जो विधानसभा सामान्य निर्वाचन की अधिसूचना जारी होने तक संचालित रहेगा। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में रिटर्निंग ऑफिसर के मुख्यालय अथवा तहसील मुख्यालय पर डेमोंस्ट्रेशन सेंटर स्थापित किए गए हैं। ये केंद्र प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक खुले रहेंगे।

उन्होंने बताया कि केंद्रों पर तैनात प्रशिक्षित कार्मिक मतदाताओं को बैलेट यूनिट, कंट्रोल यूनिट और वीवीपैट की कार्यप्रणाली का व्यावहारिक प्रशिक्षण दे रहे हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में इन केंद्रों का व्यापक प्रचार-प्रसार करें और आमजन को मॉकपोल में भाग लेने के लिए प्रेरित करें, ताकि अधिक से अधिक मतदाता मतदान की प्रक्रिया को समझ सकें और उनके मन में किसी प्रकार की शंका न रहे।

निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी अवनीश राय ने ईवीएम का बटन दबाकर मॉकपोल किया तथा वीवीपैट की पारदर्शी खिड़की से अपने द्वारा डाले गए डमी वोट की पर्ची का अवलोकन किया। इस दौरान मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों ने भी मॉकपोल कर मतदान प्रक्रिया को समझा।

Spread the love

Check Also

डीएम ने किया ईवीएम एवं वीवीपैट वेयरहाउस का बाह्य निरीक्षण।

  सुरक्षा व्यवस्था और सीसीटीवी निगरानी का लिया जायजा, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि रहे मौजूद। …