Breaking News

28 अक्टूबर को बदायूं में होगा युवा उत्सव, पांच विधाओं में प्रतिभा दिखाएंगे युवा।

लोकनृत्य, लोकगीत, नुक्कड़ नाटक, चित्रकला और कविता लेखन की होंगी प्रतियोगिताएं, विजेताओं को मंडल स्तरीय युवा उत्सव में मिलेगा मौका।

बदायूं। युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल विभाग की ओर से वित्तीय वर्ष 2026-27 के अंतर्गत विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग-2027 के कल्चरल ट्रैक यानी राष्ट्रीय युवा उत्सव के तहत जनपद स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन 28 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा। जिलाधिकारी की स्वीकृति के क्रम में आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम सुबह नौ बजे से ऑडिटोरियम, डायट परिसर के हॉल में शुरू होगा। उत्सव में जिले के युवा अपनी कला, रचनात्मकता और सांस्कृतिक प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी हरिप्रेम ने बताया कि युवा उत्सव में पांच विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनमें लोकनृत्य (समूह), लोकगीत (समूह), नुक्कड़ नाटक (समूह), चित्रकला और कविता लेखन शामिल हैं। प्रतियोगिता में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा प्रतिभाग कर सकेंगे। आयु की गणना 26 अगस्त 2026 के आधार पर की जाएगी। प्रतिभागी का बदायूं जनपद का निवासी होना अथवा जिले में अध्ययनरत होना अनिवार्य है।

उन्होंने बताया कि लोकनृत्य, लोकगीत और नुक्कड़ नाटक की समूह प्रतियोगिताओं में एक दल में अधिकतम 10 प्रतिभागी शामिल हो सकेंगे। लोकनृत्य और लोकगीत में अधिकतम तीन संगतकर्ता भी शामिल किए जा सकते हैं, लेकिन उनकी आयु 40 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। संगतकर्ताओं सहित दल के कुल सदस्यों की संख्या 10 से अधिक नहीं होनी चाहिए। प्रत्येक प्रतिभागी को केवल एक ही विधा में भाग लेने की अनुमति होगी।

लोकनृत्य, लोकगीत और नुक्कड़ नाटक में प्रतिभाग करने वाले कलाकारों को अपने वाद्य यंत्र और वेशभूषा स्वयं लानी होगी। प्रतियोगिता में फिल्मी गीतों का कार्यक्रम शामिल नहीं किया जाएगा। प्रत्येक विधा में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। वहीं, प्रथम स्थान हासिल करने वाले विजेताओं को मंडल स्तरीय युवा उत्सव में प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा।

जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी हरिप्रेम ने इच्छुक युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में युवा उत्सव में भाग लेने की अपील की है। कार्यक्रम से संबंधित जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 9870811435 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा युवा विकास भवन स्थित कार्यालय कक्ष संख्या 321 में किसी भी कार्य दिवस पर पहुंचकर भी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

 

Spread the love

Check Also

लेखपाल पर रिश्वतखोरी के आरोप, भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी का प्रदर्शन।

एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग, मांगें पूरी न होने पर …