Breaking News

घरेलू सेप्टिक टैंक की सफाई के लिए 2500 रुपये शुल्क निर्धारित।

पालिका बोर्ड की बैठक में अपशिष्ट जल प्रबंधन उपविधि 2026 पर चर्चा, जाम से निजात और शव वाहन खरीदने के प्रस्ताव भी रखे गए।

गंजडुंडवारा, कासगंज। नगर पालिका परिषद के सभाकक्ष में गुरुवार को पालिका बोर्ड की बैठक पालिकाध्यक्ष हाजी मुनव्वर हुसैन की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में नगर की व्यवस्थाओं, राजस्व वृद्धि और विकास कार्यों से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों पर चर्चा की गई। फीकल स्लज, सेप्टेज एवं अपशिष्ट जल प्रबंधन उपविधि 2026 के तहत घरेलू सेप्टिक टैंकों की सफाई के लिए 2500 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया। इसके साथ ही सफाई कार्य के लिए आवश्यक उपकरण और अन्य सामान खरीदने के प्रस्ताव पर भी विचार-विमर्श हुआ।

बैठक में लाइसेंसिंग एवं अन्य शुल्कों से संबंधित प्रस्ताव भी सदन के समक्ष रखे गए। सभासदों ने इन प्रस्तावों पर अपने विचार रखे। हालांकि अंतिम निर्णय लेने के बजाय प्रस्तावों को अगली बोर्ड बैठक में पुनः विचार के लिए रखने पर सहमति बनी। वहीं अपशिष्ट जल प्रबंधन उपविधि 2026 के तहत नगर में सेप्टिक टैंकों से निकलने वाले अपशिष्ट के उचित निस्तारण की व्यवस्था बेहतर बनाने पर जोर दिया गया।

बैठक में सभासद रवि शाक्य ने नगर में आए दिन लगने वाले जाम की समस्या को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने यातायात व्यवस्था सुचारु बनाने के लिए प्रमुख स्थानों पर नो-एंट्री व्यवस्था लागू करने का प्रस्ताव रखा। इसके अलावा हनुमानगढ़ी से कादरगंज तिराहे तक प्रस्तावित सीसी सड़क का निर्माण एसडीएम नासिर अली की देखरेख में कराने की मांग की।

वहीं सभासद मनोज कुमार ने जरूरतमंद परिवारों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शव सुरक्षित रखने के लिए दो फ्रीजर और एक शव वाहन खरीदने का प्रस्ताव रखा। बैठक में अन्य विकास एवं जनहित से जुड़े प्रस्तावों को भी पालिकाध्यक्ष की अनुमति से सदन के समक्ष रखने पर चर्चा हुई।

इस दौरान उपजिलाधिकारी नासिर अली, लेखाकार श्रीकांत शर्मा, कैशियर गंगाप्रसाद शाक्य सहित पालिका के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Spread the love

Check Also

विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियां तेज, बदायूं में ईवीएम डेमोंस्ट्रेशन सेंटर का सीडीओ ने किया शुभारंभ।

विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियां तेज, बदायूं में ईवीएम डेमोंस्ट्रेशन सेंटर का सीडीओ ने किया …