Breaking News

सीडीओ ने दिव्यांग छात्राओं को ई-ट्राईसाइकिल योजना से जोड़ने के दिए निर्देश।

जिला आदर्श पुनर्वास केंद्र के माध्यम से अब तक 587 दिव्यांगजनों को मिली सुविधाएं।

बदायूं। दिव्यांगजनों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने, उनके पुनर्वास एवं अधिकारों को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बुधवार को विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला की अध्यक्षता में लोकल लेवल कमेटी, जिला दिव्यांगता समिति एवं जिला प्रबंधकीय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में दिव्यांगजनों के कल्याण से संबंधित विभिन्न योजनाओं एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में लीगल गार्जियनशिप के लिए प्राप्त दो आवेदनों पर विचार-विमर्श किया गया। जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी एवं जांचकर्ताओं द्वारा किए गए भौतिक सत्यापन और जांच के आधार पर राहुल कुमार को उनके दिव्यांग भाई रोहित कुमार तथा खुशबू रस्तोगी को उनके दिव्यांग भाई विवेक का विधिक संरक्षक नियुक्त किए जाने के निर्देश दिए गए।

जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी संतोष कुमार ने समिति को जनपद में संचालित जिला आदर्श पुनर्वास केंद्र की प्रगति से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि केंद्र के माध्यम से अब तक कुल 587 दिव्यांगजनों को विभिन्न प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध कराई जा चुकी हैं। इसके अलावा जनपद में मानसिक दिव्यांगजनों के लिए चार आश्रय गृह सह प्रशिक्षण केंद्र संचालित किए जा रहे हैं।

बैठक में दिव्यांगजन विभाग द्वारा शिक्षण एवं प्रशिक्षण प्राप्त कर रही 16 वर्ष या उससे अधिक आयु की दिव्यांग छात्राओं के लिए संचालित नवीन ई-ट्राईसाइकिल योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए गए। जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष पात्र छात्राओं के आवेदन कराने को कहा गया, ताकि अधिक से अधिक दिव्यांग छात्राएं योजना का लाभ प्राप्त कर सकें।

बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, सहायक प्रबंधक अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम, क्षेत्रीय प्रबंधक उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम बदायूं, अधिवक्ता मनोज कुमार, संस्था सचिव डीआरसी धर्मवीर सिंह, दिव्यांग मुनीश चन्द तथा बधिर जनकल्याण सशक्तीकरण संस्था बदायूं के महासचिव अमित कुमार शर्मा सहित संबंधित अधिकारी एवं प्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।

Spread the love

Check Also

जिला निर्वाचन अधिकारी ने ईवीएम डेमोंस्ट्रेशन सेंटर का किया निरीक्षण, स्वयं भी किया मॉकपोल।

राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भी मॉकपोल कर समझी मतदान प्रक्रिया, तहसील मुख्यालयों पर स्थापित …