Breaking News

छूटे पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में प्राथमिकता से दर्ज कराएं: डीईओ।

28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान, नवयुवकों व नवविवाहित महिलाओं के पंजीकरण पर जोर।

बदायूं। लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज होना आवश्यक है। विशेष रूप से 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवाओं, नवविवाहित महिलाओं और मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र नागरिकों को पंजीकृत कराने के उद्देश्य से जनपद में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है।

बुधवार को कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी अवनीश राय की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार निर्वाचक नामावलियों का आलेख्य प्रकाशन कर दिया गया है। 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जा रही हैं।

उन्होंने बताया कि अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले पात्र युवाओं के नाम मतदाता सूची में शामिल किए जाएंगे। इसके लिए 28 नवंबर और 29 नवंबर को विशेष अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपने बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) के माध्यम से अभियान का प्रचार-प्रसार कराने तथा अधिक से अधिक पात्र युवाओं के फार्म-6 भरवाकर मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने में सहयोग करने की अपील की।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने नवविवाहित महिलाओं के नाम भी प्राथमिकता से मतदाता सूची में दर्ज कराने पर जोर दिया, ताकि जनपद के जेंडर रेशियो में सुधार हो सके। उन्होंने कहा कि विशेष अभियान के दौरान सभी बीएलए संबंधित मतदेय स्थलों पर बीएलओ से समन्वय स्थापित कर आलेख्य मतदाता सूची का गहनता से अवलोकन करें और पंजीकरण प्रक्रिया में सक्रिय सहयोग दें। बीएलए की उपस्थिति में बीएलओ द्वारा आलेख्य मतदाता सूची को नामवार पढ़कर सुनाया जाएगा।

उन्होंने बताया कि 1 जनवरी 2027 के अतिरिक्त 1 अप्रैल 2027, 1 जुलाई 2027 और 1 अक्टूबर 2027 को अर्हता तिथि मानते हुए 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवा नागरिकों से भी फार्म-6 प्राप्त किया जा सकता है। ऐसे आवेदनों पर संबंधित अर्हता तिथि को निर्धारित आयु पूर्ण होने के बाद नियमानुसार प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बीएलओ को निर्देश दिए कि मतदाता सूची में डुप्लीकेसी न हो तथा प्रत्येक मतदाता के नाम, पिता या पति का नाम, आयु और फोटोग्राफ का विशेष रूप से सत्यापन किया जाए। उन्होंने सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को अभियान चलाकर पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने तथा विधानसभा क्षेत्रों में जेंडर रेशियो, ईपी रेशियो और एज कोहोर्ट में सुधार के लिए प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

विशेष अभियान के दौरान आशा, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, पंचायत सचिवों तथा विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों, सहायक अध्यापकों और शिक्षामित्रों का सहयोग लेकर अधिक से अधिक फार्म-6 का ऑनलाइन पंजीकरण कराने को कहा गया।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) महेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि जनपद की जनसंख्या के अनुपात में महिला मतदाताओं का प्रतिशत पुरुष मतदाताओं की अपेक्षा कम है। सुदृढ़ लोकतंत्र के लिए महिलाओं की शत-प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करना आवश्यक है। उन्होंने सभी ईआरओ को प्रत्येक पात्र महिला मतदाता का नाम सूची में दर्ज कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि जेंडर रेशियो में सुधार के लिए बीएलओ अपने पोलिंग बूथ, ग्राम पंचायत और वार्ड स्तर पर नवविवाहिताओं तथा 18 से 19 वर्ष की युवतियों को चिह्नित कर उनके नाम प्राथमिकता से दर्ज कराएं। इसके लिए सुपरवाइजर और बूथ लेवल अधिकारी घर-घर जाकर सर्वे करें तथा मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटी पात्र महिलाओं के फार्म-6 भरवाएं।

बैठक में भाजपा से शैलेन्द्र मोहन शर्मा, सपा से अशोक यादव, कांग्रेस से सुरेन्द्र सिंह एवं नवनीत यादव तथा बसपा से राजेन्द्र सिंह एवं प्रेम शंकर सहित सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी अशोक वर्मा, सह प्रभारी स्वीप सरवर अली, मोहित सैनी और उमीर उद्दीन उपस्थित रहे।

Spread the love

Check Also

डीएम ने किया ईवीएम एवं वीवीपैट वेयरहाउस का बाह्य निरीक्षण।

  सुरक्षा व्यवस्था और सीसीटीवी निगरानी का लिया जायजा, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि रहे मौजूद। …