Breaking News

शादी का झांसा देकर नाबालिग के शोषण का आरोप, पॉक्सो एक्ट में युवक गिरफ्तार।

14 वर्षीय किशोरी की मां की तहरीर पर मुकदमा दर्ज, शादी से मुकरने और धमकी देने का भी आरोप।

संवाददाता, मोहम्मद वसीम 

बहेड़ी, बदायूं। शादी का भरोसा देकर 14 वर्षीय किशोरी का कथित रूप से शारीरिक शोषण करने के मामले में बहेड़ी पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी 23 वर्षीय सौरभ शर्मा के रूप में हुई है। किशोरी की मां की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की है।

पुलिस को दी गई तहरीर में किशोरी की मां ने आरोप लगाया कि युवक ने उसकी नाबालिग बेटी को शादी का भरोसा देकर अपने झांसे में लिया और उसका शारीरिक शोषण किया। आरोप है कि जब शादी की बात आई तो युवक और उसके परिजनों ने इससे इनकार कर दिया। विरोध करने पर मां-बेटी को जान से मारने की धमकी भी दी गई। इसके बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं और पॉक्सो एक्ट की धारा 5एल/6 के तहत मुकदमा दर्ज किया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस मामले में किशोरी के बयान, मेडिकल परीक्षण और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है। अधिकारियों के मुताबिक, प्रकरण से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। विवेचना में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

 

Spread the love

Check Also

डीएम ने किया ईवीएम एवं वीवीपैट वेयरहाउस का बाह्य निरीक्षण।

  सुरक्षा व्यवस्था और सीसीटीवी निगरानी का लिया जायजा, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि रहे मौजूद। …