Breaking News

विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियां तेज, बदायूं में ईवीएम डेमोंस्ट्रेशन सेंटर का सीडीओ ने किया शुभारंभ।

विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियां तेज, बदायूं में ईवीएम डेमोंस्ट्रेशन सेंटर का सीडीओ ने किया शुभारंभ।

बदायूं। विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2027 को ध्यान में रखते हुए जनपद में मतदाता जागरूकता अभियान शुरू कर दिया गया है। इसी क्रम में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट परिसर में स्थापित ईवीएम डेमोंस्ट्रेशन सेंटर का मुख्य विकास अधिकारी एवं स्वीप की नोडल अधिकारी गामिनी सिंगला ने फीता काटकर शुभारंभ किया। इस दौरान मतदाताओं ने ईवीएम मशीन पर मॉकपोल कर मतदान प्रक्रिया को समझा।

जनपद की सभी तहसीलों में भी ईवीएम डेमोंस्ट्रेशन सेंटर स्थापित किए गए हैं। इन केंद्रों पर मतदाताओं को इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) और वीवीपैट की कार्यप्रणाली की जानकारी दी जा रही है। मतदाताओं को बैलेट यूनिट (बीयू), कंट्रोल यूनिट (सीयू) और वीवीपैट का व्यावहारिक प्रदर्शन कराकर मतदान की पूरी प्रक्रिया समझाई जा रही है।

प्रशासन के अनुसार, ईवीएम से मतदान करने के बाद वीवीपैट में प्रदर्शित पर्ची के माध्यम से मतदाता अपने द्वारा डाले गए वोट के चुनाव चिह्न को देख सकते हैं। इन केंद्रों का मुख्य उद्देश्य मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया के प्रति जागरूक करना और ईवीएम एवं वीवीपैट को लेकर उनकी शंकाओं का समाधान करना है।

जिला निर्वाचन अधिकारी अवनीश राय के निर्देश पर स्थापित सभी ईवीएम डेमोंस्ट्रेशन सेंटर प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित होंगे। प्रत्येक केंद्र पर ईवीएम एवं वीवीपैट की जानकारी रखने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों की तैनाती की गई है, जो मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया की जानकारी देंगे।

मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला ने आमजन और मतदाताओं से अपील की कि वे अपने नजदीकी ईवीएम प्रदर्शन केंद्र पर पहुंचकर मॉकपोल करें और मतदान की प्रक्रिया को समझें। ये केंद्र विधानसभा सामान्य निर्वाचन की अधिसूचना जारी होने तक संचालित रहेंगे।

इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी महेंद्र कुमार श्रीवास्तव, बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी एवं प्रभारी अधिकारी ईवीएम सुरेंद्र कुमार, डिप्टी कलेक्टर नेहा पांचाल, चकबंदी अधिकारी शेषाद्रि त्रिवेदी, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी अशोक वर्मा, सह प्रभारी स्वीप सरवर अली, प्रशासनिक अधिकारी अविनाश सक्सेना सहित ईवीएम प्रदर्शन केंद्र के मास्टर ट्रेनर मौजूद रहे।

Spread the love

Check Also

वैज्ञानिक विधियों से गेहूं की बुवाई करें किसान, बेहतर उत्पादन के लिए बीज एवं मृदा उपचार जरूरी।

वैज्ञानिक विधियों से गेहूं की बुवाई करें किसान, बेहतर उत्पादन के लिए बीज एवं मृदा …