Breaking News

वैज्ञानिक विधियों से गेहूं की बुवाई करें किसान, बेहतर उत्पादन के लिए बीज एवं मृदा उपचार जरूरी।

वैज्ञानिक विधियों से गेहूं की बुवाई करें किसान, बेहतर उत्पादन के लिए बीज एवं मृदा उपचार जरूरी।

बदायूं। जिला कृषि अधिकारी मनोज रावत ने जनपद में उर्वरकों की उपलब्धता की जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान में किसानों के लिए 48,212 मीट्रिक टन यूरिया, 11,378 मीट्रिक टन डीएपी और 13,791 मीट्रिक टन एनपीके उपलब्ध है। उन्होंने किसानों से गेहूं की बुवाई से पहले बीज एवं मृदा उपचार की वैज्ञानिक विधियां अपनाने की अपील की है, ताकि फसल को रोगों से बचाने के साथ बेहतर उत्पादन प्राप्त किया जा सके।

जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि रबी सीजन में गेहूं की अच्छी पैदावार के लिए बुवाई से पहले बीज उपचार करना बेहद जरूरी है। जैविक विधि से बीज उपचार के लिए ट्राइकोडर्मा कल्चर का प्रयोग 5 ग्राम प्रति किलोग्राम बीज तथा पीएसबी कल्चर का प्रयोग भी 5 ग्राम प्रति किलोग्राम बीज की दर से किया जा सकता है। वहीं, रासायनिक विधि से कार्बेन्डाजिम 2 ग्राम प्रति किलोग्राम बीज की दर से प्रयोग करने की सलाह दी गई है।

उन्होंने बताया कि मृदा उपचार के लिए ट्राइकोडर्मा 1 किलोग्राम प्रति एकड़ और पीएसबी कल्चर 2 किलोग्राम प्रति एकड़ की दर से अच्छी तरह सड़ी हुई गोबर की खाद में मिलाकर खेत में डालना चाहिए। इससे मिट्टी की जैविक सक्रियता बढ़ती है और पौधों को पोषक तत्वों की उपलब्धता में मदद मिलती है। ये कृषि निवेश जनपद के राजकीय कृषि बीज भंडारों पर अनुदानित दरों पर उपलब्ध हैं।

किसानों को सलाह दी गई है कि रासायनिक फफूंदनाशक और जैविक कल्चर का एक साथ प्रयोग न करें। ट्राइकोडर्मा का इस्तेमाल शाम के समय करें और खेत में डालने के तुरंत बाद जुताई कराकर मिट्टी में अच्छी तरह मिला दें।

जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि कृषि विभाग की सब्सिडी एट सोर्स योजना के तहत रबी फसलों के बीज राजकीय कृषि बीज भंडारों पर अनुदान पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसके लिए किसानों को कृषि विभाग में पंजीकरण कराकर ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से बीज की बुकिंग करनी होगी। टोकन ऑटो कन्फर्म अथवा लॉटरी के माध्यम से कन्फर्म होने के बाद किसानों को पॉस मशीन के जरिए अनुदानित दर पर बीज उपलब्ध कराया जा रहा है। इससे किसानों को बीज खरीदते समय ही अनुदान का लाभ मिल रहा है। पोर्टल पर बुकिंग के बाद प्रत्येक सप्ताह सोमवार और शुक्रवार को टोकन कन्फर्म किए जाते हैं।

उन्होंने किसानों से अपील की कि गेहूं की बुवाई में वैज्ञानिक तकनीकों को अपनाएं और बीज व मृदा उपचार को प्राथमिकता देकर स्वस्थ फसल के साथ अधिक उत्पादन प्राप्त करें।

 

 

 

Spread the love

Check Also

विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियां तेज, बदायूं में ईवीएम डेमोंस्ट्रेशन सेंटर का सीडीओ ने किया शुभारंभ।

विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियां तेज, बदायूं में ईवीएम डेमोंस्ट्रेशन सेंटर का सीडीओ ने किया …