Breaking News

गंजडुंडवारा नगर पालिका में 11 सभासदों का धरना जारी, 36 घंटे बाद भी नहीं निकला समाधान।

10 सूत्रीय मांगों पर अड़े सभासद, एसडीएम सुशांत सावरे लगातार कर रहे मान-मनौव्वल।

संवाददाता, वसीम कुरैशी 

गंजडुंडवारा (कासगंज)। नगर पालिका परिषद गंजडुंडवारा में 10 सूत्रीय मांगों को लेकर 11 सभासदों का धरना लगातार जारी है। धरने को 36 घंटे से अधिक का समय बीत जाने के बाद भी प्रशासन और सभासदों के बीच सहमति नहीं बन सकी है। सभासद अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं। वहीं एसडीएम सुशांत सावरे लगातार धरनारत सभासदों से वार्ता कर मामले का समाधान निकालने का प्रयास कर रहे हैं।

धरने पर बैठे सभासदों का कहना है कि जब तक उनकी 10 सूत्रीय मांगें पूरी नहीं होतीं और जिम्मेदार अधिकारियों की ओर से संतोषजनक जवाब नहीं मिलता, तब तक आंदोलन समाप्त नहीं किया जाएगा। सभासदों ने नगर पालिका में कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों में जवाबदेही तय करने की मांग भी उठाई है।

इस संबंध में एसडीएम सुशांत सावरे ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। भ्रष्टाचार से संबंधित शिकायत मिलने पर तत्काल संज्ञान लेकर उचित कार्रवाई की जाती है। उन्होंने बताया कि नगर पालिका का चार्ज संभालने के बाद से प्राप्त शिकायतों की जांच के लिए टीमें गठित की गई हैं। जांच रिपोर्ट एक सप्ताह के भीतर आने की उम्मीद है।

उन्होंने कहा कि जांच में पात्र पाए जाने वाले लाभार्थियों को नियमानुसार योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा। यदि नगर पालिका के किसी कर्मचारी द्वारा अवैध वसूली किए जाने का मामला सामने आता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। नगर पालिका द्वारा कराए जा चुके और वर्तमान में चल रहे विकास कार्य भी निर्धारित मानकों के अनुरूप कराए जा रहे हैं।

एसडीएम ने सभासदों को आश्वासन दिया कि उनकी मांगों पर बातचीत की जा रही है और समस्याओं का समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा। प्रशासन की ओर से धरना समाप्त करने की अपील भी लगातार की जा रही है, लेकिन फिलहाल सभासद अपनी मांगों पर अडिग हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन और सभासदों के बीच जारी वार्ता कब सफल होती है और धरना कब समाप्त होता है।

Spread the love

Check Also

विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियां तेज, बदायूं में ईवीएम डेमोंस्ट्रेशन सेंटर का सीडीओ ने किया शुभारंभ।

विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियां तेज, बदायूं में ईवीएम डेमोंस्ट्रेशन सेंटर का सीडीओ ने किया …