Breaking News

जनगणना सर्वेक्षण में लापरवाही पर प्रशासन का बड़ा एक्शन, 17 प्रगणकों समेत 23 अधिकारियों-कर्मचारियों पर कार्रवाई की संस्तुति।

वेतन रोकने के साथ विभागीय कार्रवाई की तैयारी, एडीएम ने दिखाई सख्ती।

मुबारक अली, संवाददाता

शाहजहांपुर। जनपद में चल रहे जनगणना सर्वेक्षण कार्य में लापरवाही और उदासीनता बरतने वाले कार्मिकों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिला जनगणना अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी अरविंद कुमार ने कार्यों की समीक्षा के बाद 17 प्रगणकों, 6 सुपरवाइजरों और 4 नोडल अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई के लिए जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी को संस्तुति भेजी है। संबंधित कार्मिकों का वेतन रोकने और विभागीय कार्रवाई प्रस्तावित की गई है।

कंट्रोल रूम और संबंधित नोडल अधिकारियों से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर समीक्षा में सामने आया कि कुछ कार्मिक सर्वेक्षण कार्य में अपेक्षित रुचि नहीं ले रहे हैं और अपने दायित्वों का समुचित निर्वहन नहीं कर रहे हैं।

जनपद में 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक जनगणना सर्वेक्षण का कार्य संचालित किया जा रहा है। इसके लिए प्रगणकों और सुपरवाइजरों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने आवंटित क्षेत्रों में नियमित भ्रमण करें और आमजन की सुविधा एवं उपलब्धता के अनुसार सर्वेक्षण कार्य पूरा कराएं। साथ ही प्रत्येक परिवार की एसआईडी (SID) जनरेट कराने की प्रक्रिया भी सुनिश्चित करें।

समीक्षा के दौरान पाया गया कि कुछ प्रगणक अपने निर्धारित कार्यस्थल और विद्यालयों में उपस्थित नहीं हो रहे थे। वहीं, आवंटित क्षेत्रों में पहुंचकर सर्वेक्षण कार्य भी नहीं किया जा रहा था। इसके अलावा कुछ पर्यवेक्षकीय और नोडल स्तर के अधिकारियों की ओर से भी जिम्मेदारियों के प्रति गंभीरता नहीं दिखाई गई।

जिला जनगणना अधिकारी अरविंद कुमार ने स्पष्ट किया कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही, उदासीनता या निर्देशों की अवहेलना बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वहीं, मुख्य विकास अधिकारी उत्कृष्ट द्विवेदी ने भी जनगणना के महत्वपूर्ण चरण स्व-गणना में अपेक्षित सहयोग न करने वाले कार्मिकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

Spread the love

Check Also

विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियां तेज, बदायूं में ईवीएम डेमोंस्ट्रेशन सेंटर का सीडीओ ने किया शुभारंभ।

विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियां तेज, बदायूं में ईवीएम डेमोंस्ट्रेशन सेंटर का सीडीओ ने किया …