Breaking News

पीली चिट्ठी देकर राम बरात का न्योता, सोमवार को निकलेगी भव्य शोभायात्रा।

पीली चिट्ठी देकर राम बरात का न्योता, सोमवार को निकलेगी भव्य शोभायात्रा।

संवाददाता, जुम्मन कुरैशी

गंजडुंडवारा, कासगंज। नगर में आयोजित 78वें श्रीरामलीला महोत्सव के अंतर्गत सोमवार को भगवान श्रीराम की भव्य बरात निकाली जाएगी। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं और नगरवासियों में उत्साह है। बरात से पहले श्री जनकपुरी महोत्सव समिति की ओर से पारंपरिक रीति के अनुसार पीली चिट्ठी देकर भगवान श्रीराम को जनकपुरी पधारने का निमंत्रण दिया गया।

इस अवसर पर जनकपुरी महोत्सव समिति के पदाधिकारी मिथिलावासियों के रूप में पंचायती बाग पहुंचे। यहां अयोध्या स्वरूप सजाए गए परिसर में बने दशरथ कक्ष में श्रीरामलीला महोत्सव के अध्यक्ष अमित प्रकाश महाजन को विधि-विधान से पूजन-अर्चन के बाद पीली चिट्ठी सौंपी गई। जनकपुरी समिति के अध्यक्ष अंकित भूषण के नेतृत्व में गाजे-बाजे के साथ पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने आदरपूर्वक विवाहोत्सव का निमंत्रण दिया।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, सोमवार शाम पांच बजे पंचायती बाग से भगवान श्रीराम की बरात प्रारंभ होगी। बरात नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए कादरगंज तिराहे पहुंचेगी। यहां शाक्य समाज की ओर से सजाई गई अवधपुरी में बरात का स्वागत किया जाएगा। इसके बाद शोभायात्रा राजाराम चौराहे स्थित भव्य जनकपुरी पहुंचेगी, जहां पांच कन्याओं का सामूहिक विवाह कराया जाएगा।

जनकपुरी समिति के अध्यक्ष अंकित गुप्ता डॉलर, महामंत्री प्रफुल्ल जैन, कोषाध्यक्ष रिंकू वर्मा और मुख्य व्यवस्थापक गौरव गुप्ता ने बताया कि जिला पंचायत सदस्य आराम सिंह शाक्य राजा जनक की भूमिका निभाएंगे। बरात चौक, सट्टी बाजार और थाना रोड से होते हुए पंचायती बाग लौटेगी। काली मंदिर के निकट पांचों कन्याओं के विवाह की रस्में पूरी की जाएंगी। समिति की ओर से नवविवाहित कन्याओं को दहेज के बजाय गृहस्थी में उपयोग आने वाली आवश्यक वस्तुएं उपहार स्वरूप दी जाएंगी।

पीली चिट्ठी से विवाह की रस्मों का शुभारंभ

श्रीरामलीला महोत्सव में पीली चिट्ठी देने की परंपरा भगवान श्रीराम और माता सीता के विवाह प्रसंग से जुड़ी है। इस रस्म के माध्यम से मिथिलावासी भगवान श्रीराम को विवाह के लिए आमंत्रित करते हैं। यह आयोजन नगर की धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक परंपराओं को दर्शाता है। सोमवार को निकलने वाली राम बरात के दौरान श्रद्धालु विभिन्न स्थानों पर शोभायात्रा का स्वागत करेंगे और विवाहोत्सव में सहभागी बनेंगे।

 

 

Spread the love

Check Also

नवरात्रि की तैयारियों को लेकर डीएम और एसपी ने प्रमुख मंदिरों का किया निरीक्षण।

गुरुगांव देवी और शीतला माता मंदिर में सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा, साफ-सफाई, पेयजल और …