Breaking News

कासगंज में बाढ़ पीड़ितों की आवाज़ बनीं सपा प्रवक्ता जाहिदा सुल्तान, प्रशासन को सौंपा ज्ञापन

कासगंज में बाढ़ पीड़ितों की आवाज़ बनीं सपा प्रवक्ता जाहिदा सुल्तान, प्रशासन को सौंपा ज्ञापन।

जुम्मन कुरैशी, संवाददाता 

कासगंज। जनपद में बाढ़ से बेहाल ग्रामीणों की समस्याओं को लेकर समाजवादी पार्टी की राष्ट्रीय प्रवक्ता जाहिदा सुल्तान के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचा। इस दौरान बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए विशेष वाहन की व्यवस्था कर उन्हें कलेक्ट्रेट लाया गया। प्रतिनिधिमंडल ने अपर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए पीड़ित परिवारों के लिए तत्काल राहत और आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध कराने की मांग की।

ज्ञापन में कहा गया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के ग्रामीणों के लिए राशन, दवाइयाँ और अस्थायी आश्रय की व्यवस्था तुरंत की जाए। जाहिदा सुल्तान ने पीड़ितों की दुर्दशा बताते हुए कहा कि बाढ़ प्रभावित परिवार बेहद कठिन परिस्थितियों में हैं और शासन-प्रशासन को उनके लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।

बताया जा रहा है कि तहसील पटियाली के मूझखेड़ा से लेकर राजेपुर कुर्रा मार्ग तक कई गाँव बाढ़ के पानी में डूबे हुए हैं। बरसात के मौसम में हर साल इस क्षेत्र के लोग संकट झेलते हैं, लेकिन इस बार स्थिति अधिक गंभीर है। ग्रामीणों का कहना है कि जलजनित रोगों और जलीय जीवों की वजह से हर वर्ष कई लोगों की मौत हो जाती है। हालात इतने खराब हैं कि हाल ही में इलाज न मिल पाने के कारण दो बच्चों की जान चली गई। फसलें और अनाज का भंडार भी पानी में डूबकर बर्बाद हो चुका है, जिससे लोग भुखमरी की कगार पर हैं।

ग्रामीणों ने मांग की है कि मूझखेड़ा से राजेपुर तक करीब 4–5 किलोमीटर लंबा पक्का बाँध बनवाया जाए ताकि हर साल होने वाली तबाही से बचा जा सके। साथ ही बर्बाद फसलों का उचित मुआवज़ा, टूटी पुलियों का पुनर्निर्माण और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की भी अपील की गई है। ग्रामीण चाहते हैं कि डॉक्टर्स की विशेष मेडिकल टीम बनाकर प्रभावित गाँवों में नियमित इलाज की व्यवस्था की जाए और रात के समय आपातकालीन चिकित्सा सुविधा भी उपलब्ध कराई जाए।

इसके अलावा ज्ञापन में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पूरी तरह क्षतिग्रस्त मकानों के पुनर्निर्माण और आपदा राहत सहायता को तुरंत मुहैया कराने की मांग की गई है। बाढ़ प्रभावित इलाकों तक राशन और दवाइयाँ पहुँचाने के लिए नावों की संख्या भी बढ़ाने का अनुरोध किया गया।

ज्ञापन सौंपने के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण कलेक्ट्रेट पहुंचे और राहत कार्यों में तेजी लाने की मांग की।

बाइट- जाहिदा सुल्तान, राष्ट्रीय प्रवक्ता, समाजवादी पार्टी।

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!