Breaking News

शाहजहांपुर: सरकार की आमद मरहबा के नारों से गूंजा शहर, जुलूस-ए-ईद मिलादुन्नबी में उमड़ा जनसैलाब।

सरकार की आमद मरहबा के नारों से गूंजा शहर, जुलूस-ए-ईद मिलादुन्नबी में उमड़ा जनसैलाब।

मुबारक अली संवाददाता

शाहजहांपुर। 12 रबी उल अव्वल के मुबारक मौके पर बुधवार को शहर में जुलूस-ए-ईद मिलादुन्नबी अकीदत और उत्साह के साथ निकाला गया। जुलूस में बड़ी संख्या में अकीदतमंदों ने शिरकत की। जुलूस के दौरान “सरकार की आमद मरहबा” के नारों से शहर की फिजाएं गूंज उठीं।

जुलूस की शुरुआत सुबह करीब नौ बजे स्टेशन वाली नूरी मस्जिद से हुई। विभिन्न मोहल्लों और प्रमुख मार्गों से होता हुआ जुलूस अपने निर्धारित मार्ग पर आगे बढ़ा और अंजान चौकी के पीछे स्थित कटहल वाली मस्जिद, मोहल्ला अंटा पहुंचा, जहां विशेष दुआ के साथ जुलूस का समापन हुआ। दुआ में देश की तरक्की, खुशहाली, अमन-चैन और कौमी एकता के लिए खास तौर पर दुआ की गई।

जुलूस के दौरान रास्ते भर लोगों ने अकीदतमंदों के लिए लंगर और पानी आदि की व्यवस्था की। जगह-जगह लोगों ने जुलूस में शामिल लोगों का स्वागत भी किया। आयोजन में शामिल लोगों ने पूरे कार्यक्रम के दौरान आपसी भाईचारे और सौहार्द का संदेश दिया।

दुआ के बाद आयोजित कार्यक्रम में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को सम्मानित किया गया। आयोजक अनीस अत्तरी ने जुलूस के दौरान सहयोग और सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस व प्रशासन का आभार जताया। अधिकारियों ने भी आयोजकों और उनकी पूरी टीम की व्यवस्थाओं की सराहना की।

एक ओर जहां जुलूस शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया, वहीं प्रशासन की व्यवस्थाओं को लेकर एक कमी भी नजर आई। जुलूस के निर्धारित मार्ग पर कई स्थानों पर आवारा पशुओं के झुंड दिखाई दिए। बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी के बीच आवारा पशुओं की मौजूदगी से किसी संभावित हादसे की आशंका बनी रही। हालांकि राहत की बात यह रही कि जुलूस के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई और कार्यक्रम सकुशल संपन्न हो गया।

आयोजक ने जुलूस को शांतिपूर्ण और सफल बनाने में सहयोग करने वाले पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों तथा शहरवासियों का आभार व्यक्त किया।

 

 

 

Spread the love

Check Also

गंजडुंडवारा में अकीदत और शानो-शौकत के साथ निकला बारावफात का जुलूस।

गंजडुंडवारा में अकीदत और शानो-शौकत के साथ निकला बारावफात का जुलूस। संवाददाता, वसीम कुरैशी  कासगंज: …