Breaking News

शाहजहांपुर: तिलहर में पुलिस-एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई: 2.790 किलो अफीम और 300 ग्राम एल्प्राजोलम के साथ दो तस्कर गिरफ्तार।

तिलहर में पुलिस-एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई: 2.790 किलो अफीम और 300 ग्राम एल्प्राजोलम के साथ दो तस्कर गिरफ्तार।

संवाददाता, मुबारक अली 

शाहजहांपुर: एसपी सौरभ दीक्षित के निर्देशानुसार जनपद में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना तिलहर पुलिस और एसटीएफ फील्ड इकाई बरेली की संयुक्त टीम ने दो कुख्यात मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2.790 किलोग्राम अफीम और 300 ग्राम एल्प्राजोलम पाउडर बरामद किया है, जिसकी अंतर्राष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 13.50 लाख रुपये आंकी गई है।

पुलिस के मुताबिक, बीती 20 अगस्त की शाम सरयू पुलिया से शाहजहांपुर की ओर जाने वाली सर्विस रोड पर आम के पेड़ के पास पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली खास सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए वैजनाथ (निवासी तिलहर) और भूपेन्द्र सिंह (निवासी कितुकापुर, थाना कांट) को धर दबोचा गया।

तलाशी के दौरान दोनों के पास से 2.790 किलो अफीम, 300 ग्राम एल्प्राजोलम, दो मोबाइल फोन और 1,090 रुपये नकद बरामद हुए। इस मामले में थाना तिलहर में एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) के तहत सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है।

पुलिस की पूछताछ में आरोपी भूपेन्द्र ने बताया कि वह वैजनाथ से अफीम लेकर अलग-अलग क्षेत्रों में सप्लाई का काम करता था। पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ है कि वैजनाथ द्वारा यह अफीम मुख्य रूप से झारखंड से मंगाई जाती थी। पुलिस ने इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े एक अन्य आरोपी सुरेश चंद्र (निवासी आगरा) को भी मामले में अभियुक्त के रूप में नामित किया है और आगे की कानूनी कार्रवाई एवं कड़ियों को जोड़ने का प्रयास जारी है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार मुख्य आरोपी वैजनाथ के खिलाफ पहले से भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज हैं। इस पूरी सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली संयुक्त टीम में थाना प्रभारी प्रभाष चंद्र, एसटीएफ के उपनिरीक्षक अमित कुमार, उपनिरीक्षक गौरव कुमार समेत थाना तिलहर और एसटीएफ फील्ड इकाई बरेली के अन्य पुलिसकर्मी प्रमुख रूप से शामिल रहे।

 

 

 

Spread the love

Check Also

जैविक खेती अपनाकर मिट्टी की उर्वरता और आय बढ़ाएं किसान।

जैविक खेती अपनाकर मिट्टी की उर्वरता और आय बढ़ाएं किसान। बदायूं। यूपी डास्प की नमामि …