Breaking News

शाहजहांपुर: रक्षाबंधन से पहले खाद्य विभाग का बड़ा छापा, 600 किलो खराब मिठाइयां नष्ट।

शाहजहांपुर: रक्षाबंधन से पहले खाद्य विभाग का बड़ा छापा, 600 किलो खराब मिठाइयां नष्ट।

संवाददाता, मुबारक अली

शाहजहांपुर। रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर आम जनता की सेहत से खिलवाड़ रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने सोमवार को जिलेभर में ताबड़तोड़ अभियान चलाया। जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुभाष तिवारी के नेतृत्व में गठित तीन अलग-अलग टीमों ने विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए।

निरीक्षण अभियान के दौरान टीम ने शहर के निगोही रोड स्थित कादिर हसन कैनली ट्रेडर्स के मिठाई कारखाने पर छापामार कार्रवाई की। इस दौरान गुणवत्ता को लेकर गहरा संदेह होने पर रसमलाई का एक, बर्फी के दो, लौज का एक और रिफाइंड पामोलीन ऑयल का एक नमूना भरकर जांच के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला भेज दिया गया।

जांच-पड़ताल के दौरान कारखाने के भीतर पांच टिन और 16 प्लास्टिक कंटेनरों में भारी मात्रा में खराब और सड़ी-गली मिठाइयां पाई गईं। इनमें रसमलाई, गुलाब जामुन, बर्फी, पेड़ा और सोहन पपड़ी शामिल थीं। विभाग ने इन सभी दूषित मिठाइयों को मौके पर ही गड्ढा खुदवाकर पूरी तरह नष्ट करा दिया। नष्ट की गई इन मिठाइयों का कुल वजन करीब 600 किलोग्राम और अनुमानित बाजार कीमत लगभग 1.20 लाख रुपये आंकी गई है।

कारखाने में मिठाइयां तैयार करने के लिए इस्तेमाल हो रही लोहे की कढ़ाइयों पर भारी जंग लगी पाई गई, जिसे देखकर टीम ने उन्हें तत्काल परिसर से हटवाने के निर्देश दिए। खाद्य विभाग ने सख्त हिदायत दी कि भविष्य में मिठाइयों के निर्माण और उनके भंडारण के लिए केवल स्टेनलेस स्टील के बर्तनों का ही उपयोग किया जाए।

इसके अलावा, तिलहर तहसील के अंतर्गत मेन मार्केट खुदागंज स्थित सत्येंद्र स्वीट पर भी औचक निरीक्षण किया गया। यहां से मिल्क केक और पेड़े का एक-एक नमूना लिया गया, जबकि अजीजगंज क्षेत्र से दूध का एक नमूना जांच के लिए संग्रहित किया गया। इन सभी नमूनों को प्रयोगशाला भेजा जा चुका है और जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

सत्येंद्र स्वीट प्रतिष्ठान पर मानक के अनुरूप साफ-सफाई न मिलने और खाद्य पदार्थों के खुले व अव्यवस्थित तरीके से रखे पाए जाने पर विभाग की ओर से सुधार नोटिस जारी किया जा रहा है। इसके साथ ही खाद्य सुरक्षा टीम ने सभी दुकानदारों और प्रतिष्ठान संचालकों को खाद्य पदार्थों में रंगों का सीमित और मानक के अनुसार ही प्रयोग करने के कड़े निर्देश दिए हैं।

इस पूरी छापामार कार्रवाई और निरीक्षण अभियान में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुभाष तिवारी के साथ खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनय कुमार यादव, मानवेन्द्र कुमार, करण कुमार, सौरभ सोनी, अजीत कुमार और मनोज कुमार की टीम सक्रिय रूप से शामिल रही। विभाग की ओर से स्पष्ट किया गया है कि त्योहारी सीजन को देखते हुए मिलावटखोरों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Spread the love

Check Also

बहेड़ी स्पोर्ट्स स्टेडियम का डीएम और एसएसपी ने किया औचक निरीक्षण, खेल व्यवस्थाओं को सुधारने के दिए निर्देश।

बहेड़ी स्पोर्ट्स स्टेडियम का डीएम और एसएसपी ने किया औचक निरीक्षण, खेल व्यवस्थाओं को सुधारने …