Breaking News

गंजडुंडवारा में रामबारात की धूम, 120 से अधिक झांकियों ने मोहा मन।

गंजडुंडवारा में रामबारात की धूम, 120 से अधिक झांकियों ने मोहा मन।

संवाददाता, वसीम कुरैशी 

गंजडुंडवारा, कासगंज। नगर में सोमवार को श्रीरामलीला महोत्सव समिति के तत्वावधान में भव्य रामबारात निकाली गई। धार्मिक उत्साह और उल्लास के बीच निकली रामबारात में 120 से अधिक आकर्षक झांकियां शामिल रहीं। बैंड-बाजों, डीजे, सतरंगी रोशनी और भक्ति संगीत के बीच पूरा नगर जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर रामबारात का स्वागत किया।

रामबारात का शुभारंभ पंचायती बाग में पूजा-अर्चना के साथ हुआ। पूर्व चेयरमैन राजीव कुमार गुप्ता ने फीता काटकर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इसके बाद रामबारात नगर के प्रमुख मार्गों से आगे बढ़ी। भगवान श्रीराम सहित विभिन्न देवी-देवताओं के स्वरूपों से सजी झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। काली मंडल के कलाकारों की प्रस्तुतियों और कृष्ण भजनों पर नृत्य करते कलाकारों ने दर्शकों का मन मोह लिया। शिव-पार्वती की झांकी को देखने के लिए भी लोगों में खासा उत्साह दिखाई दिया।

रामबारात को देखने के लिए नगर के बाजारों और चौराहों पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हुए। बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों ने उत्साह के साथ आयोजन में भाग लिया। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीराम के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। आकर्षक विद्युत सजावट और धार्मिक संगीत के बीच निकली रामबारात ने नगर में भक्तिमय माहौल बना दिया।

श्रीरामलीला महोत्सव समिति के अध्यक्ष अमित प्रकाश महाजन ने प्रभु श्रीराम की आरती उतारकर नगर की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। आयोजन को सफल बनाने में समिति के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। महामंत्री सचिन गुप्ता, कोषाध्यक्ष शशांक राठौर और उपाध्यक्ष प्रमोद यादव सहित अन्य पदाधिकारी व्यवस्थाओं में जुटे रहे। इस अवसर पर सुरेश चंद्र आर्य, चंद्रपाल माथुर, मनोज कुमार गुप्ता, मंच संचालक सुमन प्रकाश गुप्ता सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

रामबारात पंचायती बाग से प्रारंभ होकर रेलवे स्टेशन रोड, एटा रोड, पटियाली तिराहा, टीन बाजार, राजाराम चौराहा, वान मंडी तिराहा और थाना रोड से होते हुए वापस पंचायती बाग पहुंचकर संपन्न हुई। आयोजन के दौरान पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए। कोतवाली प्रभारी चमन कुमार गोस्वामी पुलिस बल के साथ तैनात रहे, जबकि पुलिस का सचल दस्ता भी रामबारात के साथ चलता रहा। पूरे आयोजन के दौरान पुलिसकर्मी भीड़भाड़ वाले स्थानों पर निगरानी करते रहे।

भव्य रामबारात ने नगर की धार्मिक परंपरा और सांस्कृतिक विरासत की झलक प्रस्तुत की। श्रद्धालुओं की भागीदारी और उत्साह ने आयोजन को यादगार बना दिया।

 

 

Spread the love

Check Also

सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा में डीएम सख्त, खराब रैंकिंग वाले विभागों को सुधार की चेतावनी।

सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा में डीएम सख्त, खराब रैंकिंग वाले विभागों को सुधार की चेतावनी। …