Breaking News

पारिवारिक विवाद में भांजे ने मामा की हत्या, रेलवे स्टेशन से आरोपी गिरफ्तार — हत्या में प्रयुक्त हंसिया बरामद।

पारिवारिक विवाद में भांजे ने मामा की हत्या, रेलवे स्टेशन से आरोपी गिरफ्तार — हत्या में प्रयुक्त हंसिया बरामद।

मोहम्मद वसीम, संवाददाता 

बरेली। जिले में पारिवारिक विवाद एक खौफनाक रूप ले बैठा, जब मामूली कहासुनी के बाद भांजे ने अपने ही मामा की निर्मम हत्या कर दी। वारदात थाना देवरनिया क्षेत्र के मोहल्ला शाहबाद में हुई, जहां रविवार को पारिवारिक तनाव के बीच हुई यह घटना पूरे इलाके में सनसनी का कारण बन गई। पुलिस ने आरोपी को कुछ ही घंटों में रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त हंसिया भी बरामद कर लिया।

जानकारी के अनुसार, शाहबाद निवासी सोमपाल की मां 26 अक्टूबर को आग से झुलस गई थीं और इलाज के दौरान शनिवार को उनकी मौत हो गई। जानकारी मिलने पर मृतका के भाई मोतिराम और कढ़ेराम अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर मोतिराम और भांजे सोमपाल के बीच कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि गाली-गलौज और हाथापाई शुरू हो गई। आरोप है कि मोतिराम ने भांजे को डंडे से मारा, जिसके बाद गुस्से में आए सोमपाल ने पास में रखा हंसिया उठाया और मामा पर कई वार कर दिए। मौके पर ही मोतिराम की मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। मृतक के भाई कढ़ेराम की तहरीर पर आरोपी सोमपाल के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।

थाना प्रभारी आशुतोष द्विवेदी ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर देर रात करीब 12:25 बजे देवरनिया रेलवे स्टेशन पर घेराबंदी कर आरोपी सोमपाल को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान हत्या में प्रयुक्त हंसिया बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह मजदूरी कर जीवन-यापन करता है और पारिवारिक तनाव के चलते गुस्से में यह कदम उठा लिया। वारदात के बाद वह अपने ससुराल बरेली भागने की कोशिश में था, लेकिन पुलिस ने उसे स्टेशन पर ही दबोच लिया।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। इस घटना के बाद क्षेत्र में भय और तनाव का माहौल व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि ऐसी पारिवारिक घटनाएं समाज के लिए चेतावनी हैं कि गुस्से और तनाव में किए गए फैसले कई जीवन तबाह कर देते हैं।

बाइट मुकेश चंद्र मिश्र एसपी ग्रामीण उत्तरी

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!