Breaking News

बरेली में फिर सक्रिय हुआ चोर गिरोह, इज्जतनगर में बंद मकान को बनाया निशाना।

बरेली में फिर सक्रिय हुआ चोर गिरोह, इज्जतनगर में बंद मकान को बनाया निशाना।

मोहम्मद वसीम, संवाददाता 

बरेली। जिले में चोरी की वारदातें लगातार बढ़ रही हैं और पुलिस की चौकसी पर सवाल खड़े कर रही हैं। थाना इज्जतनगर क्षेत्र के ग्राम करमपुर चौधरी में चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाते हुए लाखों के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना का खुलासा तब हुआ जब घर के मालिक रिश्तेदारी से लौटे और मुख्य दरवाज़े का ताला टूटा पाया।

जानकारी के अनुसार, विनोद कुमार सागर पुत्र सूरज सिंह 1 नवंबर की शाम अपने परिवार के साथ संजरपुर मीरगंज में भात के कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। अगले दिन उनके भतीजे ने फोन कर सूचना दी कि घर के बाहर का कुंडा टूटा पड़ा है। इस पर जब विनोद घर पहुंचे, तो अंदर के कमरों के भी ताले टूटे मिले और सारा सामान बिखरा हुआ था।

पीड़ित के अनुसार, चोर करीब 25 हज़ार रुपये नकद, सोने का मंगलसूत्र, झुमकी, अंगूठी, लगभग 300 ग्राम चांदी की पायलें और मकान की रजिस्ट्री से जुड़े अहम दस्तावेज़ लेकर फरार हो गए। चोरी की सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और प्रारंभिक जांच के बाद थाना इज्जतनगर पुलिस को मामले की जानकारी दी।

थाना पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और आस-पास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने की बात कही है। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि बीते कुछ दिनों से क्षेत्र में संदिग्ध लोगों की आवाजाही बढ़ी है, लेकिन रात्रि गश्त न होने से अपराधियों के हौसले बुलंद हो रहे हैं।

पीड़ित ने थाना इज्जतनगर में तहरीर देकर एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि चोरी हुए दस्तावेज़ बेहद जरूरी हैं और उनका गलत इस्तेमाल भी संभव है।

घटना से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। लोगों ने प्रशासन से रात में गश्त बढ़ाने और हालिया चोरी की घटनाओं का शीघ्र खुलासा करने की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि चोरों की तलाश में विशेष टीम गठित कर दी गई है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

Spread the love

Check Also

शाहजहांपुर: फैक्ट्री स्टेट रामलीला को लेकर समिति ने साफ किया अपना पक्ष।

पूर्व कलाकारों के आरोपों पर सचिव ए.के. व्यास बोले—बैठक के लिए कई बार दी गई …