मंदिरों को झालरों और फूल-मालाओं से सजाया गया है।
उत्तर प्रदेश, चन्दौली-: मुगलसराय में चैत्र नवरात्र का पर्व शैलपुत्री माता की पूजा के साथ शुरू हो गया है। नगर के सभी देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी जा रही है। मंदिरों को झालरों और फूल-मालाओं से सजाया गया है।
चतुर्भुजपुर के पंडित कुंज बिहारी मिश्र के अनुसार, इस वर्ष नवरात्र आठ दिनों का होगा। कलश स्थापना के लिए पूरा दिन शुभ है। सुबह 5:53 बजे से ऐंद्र योग शुरू होगा, जो शाम 4 बजे तक रहेगा। यायी जय योग दोपहर 2:04 बजे तक और सर्वार्थ सिद्धि योग शाम 6:14 बजे से रहेगा।
नगर के कैलाशपुरी, नई बस्ती, रविनगर, जीटी रोड, शाहकुटी, न्यू महाल, काली महाल, गल्ला मंडी समेत सभी प्रमुख क्षेत्रों के देवी मंदिरों में सुबह से ही पूजा-अर्चना का क्रम जारी है। घंटा-घड़ियाल की आवाज के बीच माताएं-बहनें और श्रद्धालु भक्त मंदिरों में पूजन कर रहे हैं।इसी के साथ कालयुक्त नामक 2082 नवसंवत्सर की भी शुरुआत हो गई है, जिसमें रवि राजा और मंत्री होंगे। परमार कटरा, नई बस्ती और गल्ला मंडी में फल, फूल, वस्त्र और पूजन सामग्री की खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ जमा है। घरों में कलश स्थापना के लिए लोगों ने पहले से ही पूजन सामग्री की खरीदारी कर ली है।
मंदिरों पर सुरक्षा के दृष्टिकोण से पुलिस बल तैनात किये गये हैं। जीटीरोड स्थित प्राचीन काली मंदिर के पास यातायात पुलिस की टीम लगातार श्रद्दालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो इसके लिए मंदिर के समीप यातायात व्यवस्था की देखरेख में जुटी हुई है। पूरा नगर घंटे घडियाल और शंखनाद की ध्वनि गुंजायमान होकर भक्तिमय हुआ जा रहा है।
रिपोर्ट- घूरेलाल कन्नौजिया चन्दौली।