Breaking News

बहेड़ी/बरेली: एसडीएम के औचक निरीक्षण में खुलीं कस्तूरबा विद्यालय की व्यवस्थाएं, कंप्यूटर और छात्रवृत्ति पर दिए निर्देश।

एसडीएम के औचक निरीक्षण में खुलीं कस्तूरबा विद्यालय की व्यवस्थाएं, कंप्यूटर और छात्रवृत्ति पर दिए निर्देश।

संवाददाता, मोहम्मद वसीम 

बहेड़ी/बरेली। जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में सोमवार को एसडीएम बहेड़ी गोपाल शर्मा ने कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, रिछा का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्थाओं, सुरक्षा प्रबंधों और आवासीय सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया तथा छात्राओं से सीधे संवाद कर जमीनी हकीकत जानी। निरीक्षण के दौरान कुछ व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलीं, तो वहीं कई मोर्चों पर कमियां मिलने पर एसडीएम ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधार के कड़े निर्देश दिए।

निरीक्षण के समय प्रधानाचार्य अनीता शर्मा समेत पूरा विद्यालय स्टाफ मौजूद था। एसडीएम ने सबसे पहले छात्राओं की सुरक्षा व्यवस्था को परखा, जिसके तहत विद्यालय में चार सीसीटीवी कैमरे चालू हालत में पाए गए। इसके अलावा बिजली आपूर्ति के लिए मीटर, वैकल्पिक व्यवस्था के लिए जनरेटर और आवासीय व शिक्षण परिसर के लिए तीन इनवर्टर भी सुचारu रूप से उपलब्ध मिले। परिसर में एक नई कंप्यूटर लैब का निर्माण कार्य भी प्रगति पर है।

एसडीएम गोपाल शर्मा ने कक्षाओं में जाकर छात्राओं से बातचीत की और उन्हें मिल रही सुविधाओं का फीडबैक लिया। छात्राओं ने बताया कि उन्हें निर्धारित मेनू के अनुसार ही भोजन मिल रहा है। सोमवार की सुबह नाश्ते में दूध, केला और पोहा तथा दोपहर के भोजन में अरहर की दाल, भिंडी की सब्जी, चावल, रोटी और बूंदी का रायता तैयार मिला।

हालांकि, संवाद के दौरान छात्राओं ने कुछ गंभीर समस्याएं भी साझा कीं। उन्होंने बताया कि अभी तक उन्हें छात्रवृत्ति का लाभ नहीं मिला है और कई छात्राओं को पढ़ाई के लिए जरूरी पुस्तकें भी उपलब्ध नहीं कराई गई हैं। एसडीएम ने इन दोनों बिंदुओं को बेहद गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान विद्यालय में रखे कुल सात कंप्यूटरों में से केवल दो ही चालू हालत में मिले, जिस पर एसडीएम ने बाकी खराब कंप्यूटरों को तत्काल दुरुस्त कराने को कहा। इसके अलावा विद्यालय के शौचालयों की स्थिति ठीक नहीं पाई गई और कुछ शौचालयों की छतें खराब अवस्था में मिलीं। इस पर प्रधानाचार्य ने अवगत कराया कि पांच नए शौचालय और पांच नए वॉशरूम का निर्माण कार्य कराया जा रहा है।

एसडीएम ने विद्यालय के एक छोटे कक्ष की छत पर आई सीलन को भी जल्द ठीक कराने के निर्देश दिए। साथ ही मेस क्षेत्र में मेनू चार्ट चस्पा न होने पर नाराजगी जताते हुए उसे तुरंत प्रदर्शित करने के आदेश दिए।

एसडीएम ने विद्यालय की मेस और किचन का निरीक्षण कर भोजन की गुणवत्ता और साफ-सफाई को परखा। वहां रखे बिस्किट, नमकीन व अन्य खाद्य सामग्री की एक्सपायरी डेट भी जांची गई, जो संतोषजनक पाई गई। छात्राओं के कमरों में बेड, मच्छरदानी, पंखे और कूलर की व्यवस्था ठीक मिली।

विद्यालय की पुरानी इमारत के संबंध में प्रधानाचार्य ने बताया कि कचनेरा में नए भवन का निर्माण चल रहा है, लेकिन फिलहाल बारिश के कारण जलभराव की वजह से बाउंड्रीवाल का काम रुका हुआ है।

एसडीएम गोपाल शर्मा ने निरीक्षण के अंत में स्पष्ट निर्देश दिए कि छात्राओं की सुरक्षा, गुणवत्तापूर्ण भोजन, आवासीय सुविधाओं और उनकी पढ़ाई-लिखाई में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने शासन की मंशा के अनुरूप बालिकाओं को बेहतर शैक्षणिक और सुरक्षित माहौल मुहैया कराने पर विशेष जोर दिया।

Spread the love

Check Also

बहेड़ी स्पोर्ट्स स्टेडियम का डीएम और एसएसपी ने किया औचक निरीक्षण, खेल व्यवस्थाओं को सुधारने के दिए निर्देश।

बहेड़ी स्पोर्ट्स स्टेडियम का डीएम और एसएसपी ने किया औचक निरीक्षण, खेल व्यवस्थाओं को सुधारने …