Breaking News

बहेड़ी/बरेली: व्यापारियों की मांग पर बड़ा फैसला: डिवाइडर के जाल की घटेगी ऊंचाई, दो माह बाद हटाए जाएंगे पुराने जाल।

व्यापारियों की मांग पर बड़ा फैसला: डिवाइडर के जाल की घटेगी ऊंचाई, दो माह बाद हटाए जाएंगे पुराने जाल।

संवाददाता, मोहम्मद वसीम

बहेड़ी/बरेली। बहेड़ी नगर के मुख्य मार्ग पर डिवाइडर के ऊपर लगाए जा रहे लोहे के जाल की ऊंचाई को लेकर व्यापारियों की आपत्ति आखिरकार आपसी बातचीत और प्रशासन के साथ बनी सहमति से दूर हो गई है। व्यापार मंडल के प्रतिनिधिमंडल ने नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष और अधिकारियों से मुलाकात कर इस समस्या को प्रमुखता से उठाया था। दोनों पक्षों के बीच हुई उच्चस्तरीय वार्ता में यह अहम फैसला लिया गया है कि आगे से डिवाइडर पर लगाए जाने वाले लोहे के जाल की ऊंचाई एक फीट से अधिक नहीं होगी। वहीं, पहले से लगे करीब दो फीट ऊंचे जाल पौधों के पूरी तरह विकसित होने तक अपनी जगह पर रहेंगे और लगभग दो महीने के बाद उन्हें हटाकर उनकी जगह एक फीट ऊंचे जाल स्थापित कर दिए जाएंगे।

व्यापारियों का कहना था कि करीब साढ़े तीन फीट ऊंचे डिवाइडर के ऊपर दो फीट से अधिक ऊंचाई के जाल लगाए जाने के कारण सड़क की दूसरी ओर का रास्ता बिल्कुल दिखाई नहीं देता है। इससे खासकर वाहन चालकों को सामने से आने वाले वाहनों को देखने में भारी परेशानी होती है और हर वक्त सड़क दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। इसी गंभीर समस्या को व्यापार मंडल ने अधिकारियों के सामने रखकर समाधान की मांग की थी।

वार्ता के दौरान शहर के मुख्य मार्ग को और अधिक चौड़ा करने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। व्यापार मंडल ने बिजली विभाग के पोल तक खाली पड़ी जमीन का उपयोग कर सड़क का दायरा बढ़ाने की मांग रखी, जिस पर नगर पालिका प्रशासन ने आवश्यक कार्रवाई का पूरा भरोसा दिलाया। इसके अलावा, नैनीताल रोड पर जलभराव की गंभीर समस्या को लेकर भी अधिकारियों का ध्यान आकर्षित कराया गया। व्यापारियों की मांग पर अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि एक सीधे और व्यवस्थित नाले के निर्माण की प्रक्रिया चल रही है और बजट मिलते ही काम शुरू करा दिया जाएगा।

आगामी त्योहारों के मद्देनजर शहर में जगह-जगह गड्ढों में पानी भरने, साफ-सफाई की व्यवस्था और अन्य नागरिक समस्याओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई। बैठक के उपरांत व्यापार मंडल ने सभी व्यापारियों और नागरिकों से अपील की कि वे शहर को स्वच्छ व व्यवस्थित बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। दुकानों के बाहर अनावश्यक सामान न रखने, अतिक्रमण से बचने और कूड़े को केवल निर्धारित स्थान पर ही डालने की बात कही गई।

इस महत्वपूर्ण बैठक में व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष, शहर के गणमान्य व्यापारी और पदाधिकारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। इनमें प्रमुख रूप से अतुल गर्ग, सलीम रहवर, हरबंश गुप्ता, वसीम आइडिया, रितिन गोयल, हाजी इम्तियाज अहमद, हाजी इरशाद मिलन, अनूप गुप्ता, नदीम फैंसी, जलीस शाहजी, लईक शेरी, फईम साबिर, मोहम्मद यामीन, हाजी आदिल शम्सी, नासिर सहर, मोहम्मद आरिफ, हाजी मोहम्मद ताहिर, पंकज गुप्ता और वसीम अख्तर सहित कई अन्य लोग शामिल रहे।

Spread the love

Check Also

बहेड़ी स्पोर्ट्स स्टेडियम का डीएम और एसएसपी ने किया औचक निरीक्षण, खेल व्यवस्थाओं को सुधारने के दिए निर्देश।

बहेड़ी स्पोर्ट्स स्टेडियम का डीएम और एसएसपी ने किया औचक निरीक्षण, खेल व्यवस्थाओं को सुधारने …