Breaking News

बदायूं: सीडीओ गामिनी सिंगला की अध्यक्षता में आयोजित हुआ किसान दिवस, किसानों की समस्याएं सुनकर दिए निस्तारण के निर्देश।

बदायूं: सीडीओ गामिनी सिंगला की अध्यक्षता में आयोजित हुआ किसान दिवस, किसानों की समस्याएं सुनकर दिए निस्तारण के निर्देश।

बदायूं। विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी (CDO) गामिनी सिंगला की अध्यक्षता में बुधवार को किसान दिवस का आयोजन किया गया। इस बैठक में कृषि, बैंक, ऊर्जा, पशुपालन, सिंचाई, मत्स्य, नलकूप, गन्ना और उद्यान समेत विभिन्न विभागों के प्रमुख अधिकारी और जनपद के तमाम कृषक मौजूद रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ उप कृषि निदेशक मनोज कुमार ने किसानों और अधिकारियों का स्वागत करते हुए किया। उन्होंने किसानों को ‘फार्मर रजिस्ट्री’ कार्यक्रम की जानकारी देते हुए सभी कृषकों से जल्द से जल्द अपनी फार्मर रजिस्ट्री कराने की अपील की। इसके साथ ही फसल बीमा योजना के बारे में बताते हुए कहा कि ऋणी कृषक अपने सक्रिय किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) के माध्यम से आगामी 31 अगस्त 2026 तक धान, मक्का, बाजरा, उड़द और तिल की फसलों का बीमा करवा सकते हैं। जो किसान फसल बीमा नहीं कराना चाहते, वे अंतिम तिथि से सात दिन पहले संबंधित बैंक शाखा में लिखित सूचना दे सकते हैं। प्राकृतिक आपदा से फसल खराब होने पर बीमा कंपनी द्वारा नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा। जिला कृषि अधिकारी ने भी किसानों को बीज बुकिंग और वितरण की प्रक्रिया से अवगत कराया।

बैठक के दौरान किसानों ने अपनी समस्याएं भी रखीं। किसान झांझन सिंह ने मक्का की बिक्री से जुड़ी समस्या रखी, जिस पर जिला खाद्य विपणन विभाग के निरीक्षक ने तुरंत समाधान का भरोसा दिलाया। किसान रामाशंकर शंखधार ने विद्युत नलकूप कनेक्शन के लिए पूरा सामान न मिलने, घरेलू बिजली कनेक्शन का भार दुरुस्त कराने और चेकिंग मीटर लगवाने की बात रखी, जिस पर विद्युत वितरण खंड प्रथम के अधिशासी अभियंता ने आवश्यक जानकारी दी।

किसान जसवीर यादव ने आवारा गोवंश को गोशालाओं में संरक्षित करने की मांग उठाई, जिस पर मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके अलावा, किसान नरव्रेश सिंह ने सरकारी नलकूप संख्या-40 की गूलों को कब्जामुक्त कराने के बाद फिर से अवैध कब्जा होने की शिकायत दर्ज कराई, जिस पर मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारी को तत्काल गूलों को कब्जामुक्त कराने के कड़े निर्देश दिए।

मुख्य विकास अधिकारी ने किसान दिवस के दौरान प्राप्त सभी शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर त्वरित और गुणवत्तापूर्ण तरीके से निस्तारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। कार्यक्रम के अंत में उप कृषि निदेशक ने सभी उपस्थित अधिकारियों और किसान बंधुओं का आभार व्यक्त किया।

Spread the love

Check Also

गंजडुंडवारा में झुका बिजली का पोल बना खतरा, सपा नेता अब्दुल हफीज गांधी ने उठाई समाधान की मांग।

गंजडुंडवारा में झुका बिजली का पोल बना खतरा, सपा नेता अब्दुल हफीज गांधी ने उठाई …