Breaking News

कासगंज में अवैध खनन पर प्रशासन का हंटर: पटियाली एसडीएम की छापेमारी में बालू और मिट्टी लदे 5 ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त, माफियाओं में हड़कंप।

कासगंज में अवैध खनन पर प्रशासन का हंटर: पटियाली एसडीएम की छापेमारी में बालू और मिट्टी लदे 5 ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त, माफियाओं में हड़कंप।

संवाददाता, जुम्मन कुरैशी 

कासगंज (उत्तर प्रदेश)। जनपद में अवैध खनन के काले कारोबार पर नकेल कसने के लिए जिला प्रशासन ने अपना शिकंजा पूरी तरह मजबूत कर दिया है। जिलाधिकारी प्रणय सिंह के कड़े रुख और सख्त दिशा-निर्देशों के बाद प्रशासन द्वारा खनन माफियाओं के खिलाफ एक विशेष मुहिम चलाई जा रही है। इसी अभियान के अंतर्गत पटियाली तहसील क्षेत्र में प्रशासनिक टीम ने एक बड़ी और प्रभावी कार्यवाही को अंजाम दिया है।

उप जिलाधिकारी पटियाली प्रदीप कुमार विमल के नेतृत्व में टीम ने पूरे क्षेत्र में औचक छापेमारी और सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस कार्रवाई के दौरान अवैध खनन के कार्य में अवैध रूप से संलिप्त कुल पांच ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को रंगे हाथों पकड़कर मौके पर ही सीज कर लिया गया। अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक, जब्त किए गए वाहनों में से चार ट्रैक्टर-ट्रॉली अवैध बालू (रेत) से भरी हुई थीं, जबकि एक ट्रैक्टर-ट्रॉली में अवैध रूप से खोदी गई मिट्टी लदी हुई थी।

प्रशासनिक टीम द्वारा जरूरी विधिक प्रक्रिया पूरी करते हुए पकड़े गए वाहनों में से दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को सिढ़पुरा थाना परिसर में और शेष तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को गंजडुंडवारा थाना परिसर में लाकर खड़ा कराया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि जनपद में अवैध खनन को रोकने के लिए यह कोई पहली कार्रवाई नहीं है; इससे पहले भी जिलाधिकारी के आदेश पर सहावर और कासगंज तहसील क्षेत्रों के अंतर्गत अवैध खनन के खिलाफ लगातार ताबड़तोड़ एक्शन लिए जा चुके हैं, जहाँ कई वाहनों को सीज कर भारी जुर्माना लगाया गया था।

प्रशासन की इस ताजा और सख्त घेराबंदी से क्षेत्र के अवैध खनन माफियाओं और उनके सिंडिकेट में हड़कंप का माहौल व्याप्त है। उप जिलाधिकारी ने साफ तौर पर चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में भी इस तरह के औचक निरीक्षण और छापेमारी की कार्रवाई पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगी। जिलाधिकारी प्रणय सिंह ने सख्त लहजे में निर्देश जारी किए हैं कि जनपद की सीमाओं के भीतर किसी भी प्रकार का अवैध खनन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और यदि कोई भी व्यक्ति इस अवैध धंधे में लिप्त पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध कठोरतम दंडात्मक और कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

 

 

 

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!