Breaking News

फर्जी फर्म से 3.06 करोड़ की जीएसटी चोरी का आरोप, वांछित अमन कश्यप गिरफ्तार।

फर्जी फर्म से 3.06 करोड़ की जीएसटी चोरी का आरोप, वांछित अमन कश्यप गिरफ्तार।

संवाददाता, मोहम्मद वसीम 

बरेली। फर्जी फर्म के जरिए कथित तौर पर 3.06 करोड़ रुपये की जीएसटी चोरी और बोगस इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) पास ऑन करने के मामले में वांछित अमन कश्यप को इज्जतनगर पुलिस और जीएसटी एसआईटी की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी को 15 अक्टूबर की रात करीब 11:10 बजे बिहारीपुर सिविल लाइंस स्थित उसके आवास से पकड़ा गया।

राज्य कर विभाग के उपायुक्त, खंड-08 बरेली की लिखित शिकायत पर इज्जतनगर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप है कि अमन कश्यप पुत्र राजेश कश्यप ने मेसर्स जागेश्वर ट्रेडर्स के नाम से फर्म बनाकर फर्जी बिलिंग के माध्यम से बोगस आईटीसी का लाभ लिया और दूसरे व्यापारियों को भी आईटीसी पास ऑन की। विभागीय जांच के दौरान फर्म का घोषित व्यापार स्थल मौल्या मार्केट, छोटी बिहार, पीलीभीत बाईपास पर नहीं मिला। शिकायत में इस पूरे मामले में करीब 3.06 करोड़ रुपये की कर चोरी का आरोप लगाया गया है।

पुलिस पूछताछ के अनुसार, अमन ने सचिन कुमार और अरुण कुमार से दोस्ती होने की बात बताई। आरोप है कि उनकी मुलाकात प्रशांत गुप्ता से हुई थी, जिसने फर्म खुलवाने के नाम पर आधार कार्ड, पैन कार्ड और फोटो लिए थे। अमन के मुताबिक, उसे और अरुण को इसके बदले 55 हजार रुपये देने की बात तय हुई थी। शुरुआत में कुछ रकम मिली, लेकिन बाद में प्रशांत ने फोन उठाना बंद कर दिया।

पुलिस के अनुसार, अरुण के खिलाफ आयकर विभाग का नोटिस आने के बाद वे छिपने लगे। पुलिस ने यह भी बताया कि प्रशांत गुप्ता पहले जीएसटी धोखाधड़ी के एक अन्य मामले में गिरफ्तार होकर जेल जा चुका है और उसके खिलाफ अन्य मामलों में भी जांच एवं तलाश जारी है। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

 

 

Spread the love

Check Also

लेखपाल पर रिश्वतखोरी के आरोप, भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी का प्रदर्शन।

एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग, मांगें पूरी न होने पर …