Breaking News

सहसवान में अवैध अस्पतालों का खेल: स्वास्थ्य विभाग की नींद टूटेगी या फिर यूं ही जाती रहेंगी बेकसूर जानें?

सहसवान में अवैध अस्पतालों का खेल: प्रशासन की नींद टूटेगी या फिर यूं ही जाती रहेंगी बेकसूर जानें?

सहसवान (बदायूं): नगर से लेकर देहात क्षेत्र तक अवैध रूप से संचालित हो रहे जच्चा-बच्चा केंद्रों और फर्जी अस्पतालों का मकड़जाल इस कदर फैल चुका है कि अब हर पखवाड़े किसी न किसी परिवार की गोद उजड़ रही है। ताजा मामला डकारा मार्ग पर मंडी समिति के पीछे सामने आया, जहां एक अवैध अस्पताल में झोलाछाप की लापरवाही और ओवरडोज के चलते प्रसूता और उसके नवजात बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई। हालत बिगड़ने पर तथाकथित डॉक्टर प्रसूता को नग्न अवस्था में छोड़कर फरार हो गया। गनीमत यह रही कि इस बार प्रशासनिक सख्ती दिखाते हुए तहसीलदार ने मौके पर पहुंचकर शवों को सील किया और चार कर्मचारियों को हिरासत में लिया, वरना हर बार की तरह यह मामला भी रफा-दफा हो जाता।

सवाल यह उठता है कि क्या प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग को इन अवैध अस्पतालों और नर्सिंग होम की जानकारी किसी बड़े हादसे के बाद ही होती है? आखिर कब तक झोलाछाप बिना किसी डिग्री और मानक के लोगों की जिंदगी से खिलवाड़ करते रहेंगे? चर्चा तो यह भी है कि जिस अस्पताल में यह खूनी खेल खेला गया, उसे कुछ समय पूर्व तत्कालीन एसडीएम द्वारा सील किया गया था। सवाल यह बड़ा है कि सील होने के बाद आखिर वह अस्पताल किसके आदेश और किसकी शह पर दोबारा खुल गया?

क्षेत्र के लोग दबी जुबान में आरोप लगा रहे हैं कि अगर स्वास्थ्य विभाग और स्थानीय प्रशासन ने समय रहते गोपनीय तरीके से सघन चेकिंग अभियान चलाकर इन अवैध नर्सिंग होम पर स्थायी कार्रवाई नहीं की, तो यह मान लेना लाजिमी होगा कि यह सब कुछ कहीं न कहीं विभागीय संरक्षण में ही चल रहा है। डकारा मार्ग ही नहीं, बल्कि प्रमोद इंटर कॉलेज के पास सहित शहर के कई अन्य इलाकों में भी ऐसे अवैध अस्पताल धड़ल्ले से संचालित हो रहे हैं।

अब देखना यह होगा कि इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग गहरी नींद से जागता है या फिर औपचारिकता पूरी कर फाइल बंद कर दी जाती है। जनता और पीड़ित परिवार न्याय की उम्मीद लगाए बैठे हैं कि ऐसे झोलाछाप और उनके संरक्षकों पर सख्त से सख्त कानूनी शिकंजा कसा जाए।

 

 

 

Spread the love

Check Also

बरेली के बहेड़ी में नहर में नहाने गया युवक डूबा, 18 घंटे बाद एसडीआरएफ ने बरामद किया शव।

  बरेली के बहेड़ी में नहर में नहाने गया युवक डूबा, 18 घंटे बाद एसडीआरएफ …