Breaking News

सहावर: गांव रारा में 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन बनी जी का जंजाल, अब्दुल हफीज गांधी के नेतृत्व में ग्रामीणों ने प्रशासन को सौंपा ज्ञापन।

गांव रारा में 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन बनी जी का जंजाल, अब्दुल हफीज गांधी के नेतृत्व में ग्रामीणों ने प्रशासन को सौंपा ज्ञापन।

संवाददाता, मोहम्मद वसीम 

कासगंज। सहावर तहसील क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव रारा में जनता की सुरक्षा पर बड़ा संकट मंडरा रहा है। गांव के ठीक बीचों-बीच से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन विद्युत लाइन स्थानीय लोगों के लिए गंभीर खतरे का कारण बन चुकी है। इस खतरनाक लाइन की वजह से पहले भी कई जानलेवा हादसे हो चुके हैं, जिससे ग्रामीणों में भारी दहशत का माहौल व्याप्त है।

इस गंभीर समस्या के समाधान की मांग को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता एडवोकेट अब्दुल हफीज गांधी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में ग्रामीण कासगंज पहुंचे। प्रतिनिधिमंडल ने विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता पीयूष कुमार से मुलाकात कर उन्हें एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने अधिकारियों को बताया कि आबादी के बीच से गुजर रही इस जानलेवा लाइन को लेकर पूर्व में भी कई बार गुहार लगाई जा चुकी है, लेकिन प्रशासनिक लापरवाही के चलते आज तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है।

ज्ञापन के माध्यम से ग्रामीणों ने मांग की है कि इस हाईटेंशन लाइन को दुरुस्त करने के लिए तुरंत प्लास्टिक या इंसुलेटेड केबल डाली जाए, ताकि किसी भी बड़े हादसे को टाला जा सके। ग्रामीणों का कहना है कि वे हर पल अनहोनी के साए में जीने को मजबूर हैं।

इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने कासगंज के जिलाधिकारी प्रणय सिंह से भी भेंट की और विद्युत तंत्र से जुड़ी इन समस्याओं से उन्हें अवगत कराते हुए ज्ञापन प्रेषित किया। जिलाधिकारी और विद्युत विभाग के अधिकारियों ने ग्रामीणों की बात गंभीरता से सुनते हुए जल्द ही इस समस्या का उचित और स्थायी समाधान कराने का भरोसा दिलाया है, जिससे ग्रामीणों में अब राहत की उम्मीद जगी है।

 

 

 

Spread the love

Check Also

बदायूं में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी और वीडियोग्राफी के बीच खुली ईवीएम वेयरहाउस, FLC प्रक्रिया शुरू।

बदायूं में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी और वीडियोग्राफी के बीच खुली ईवीएम वेयरहाउस, …