Breaking News

गंजडुंडवारा: मोहनपुर रेलवे फाटक से शेरवानी स्कूल मार्ग की बदहाली पर अब्दुल हफीज गांधी ने उठाई आवाज, तत्काल मरम्मत की मांग।

मोहनपुर रेलवे फाटक से शेरवानी स्कूल मार्ग की बदहाली पर अब्दुल हफीज गांधी ने उठाई आवाज, तत्काल मरम्मत की मांग।

संवाददाता, मोहम्मद वसीम 

गंजडुंडवारा, कासगंज। नगर पालिका परिषद गंजडुंडवारा के अंतर्गत मोहनपुर रेलवे फाटक से शेरवानी स्कूल की ओर जाने वाले मार्ग की खस्ताहाली जनता के लिए बड़ी मुसीबत बन गई है। सड़क का आधा हिस्सा बना होने के बावजूद शेष हिस्सा लंबे समय से गहरे गड्ढों में तब्दील है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता एडवोकेट अब्दुल हफीज गांधी ने इस मामले में नगर पालिका प्रशासन से कड़ा रुख अपनाते हुए तुरंत मरम्मत कार्य शुरू कराने की मांग की है।

अब्दुल हफीज गांधी ने प्रशासनिक लापरवाही पर सवाल उठाते हुए बताया कि इस मार्ग पर पूर्व में नगर पालिका द्वारा ही इंटरलॉकिंग का काम कराया गया था। इसके साथ ही सड़क के किनारे नाले का निर्माण और शौचालय का निर्माण भी नगर पालिका द्वारा ही किया गया है। इन तमाम विकास कार्यों से यह साफ जाहिर होता है कि यह मार्ग नगर पालिका के अधिकार क्षेत्र के अंतर्गत आता है। ऐसे में आधी सड़क बनने के बाद बाकी हिस्से को गड्ढों में छोड़ देना समझ से परे है।

उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि सड़क पर फैले गड्ढों की वजह से विशेषकर दोपहिया वाहन चालकों और पैदल चलने वाले लोगों के लिए हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। खासकर बारिश के मौसम में इन गड्ढों में पानी भर जाने से हालात और अधिक खतरनाक हो जाते हैं।

अब्दुल हफीज गांधी ने नगर पालिका प्रशासन से यह भी अपेक्षा की है कि यदि इस मार्ग के स्वामित्व या अधिकार क्षेत्र को लेकर कोई असमंजस है, तो उसकी त्वरित जांच कराई जाए। यदि यह सड़क पालिका के अधीन है, तो बिना किसी विलंब के शेष खराब हिस्से की मरम्मत का कार्य पूरा किया जाए, ताकि स्थानीय नागरिकों और स्कूली बच्चों को सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।

Spread the love

Check Also

बदायूं में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी और वीडियोग्राफी के बीच खुली ईवीएम वेयरहाउस, FLC प्रक्रिया शुरू।

बदायूं में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी और वीडियोग्राफी के बीच खुली ईवीएम वेयरहाउस, …