Breaking News

26 अगस्त को निकलेगा जुलूसे मीलाद, नात-ओ-दुरूद से गूंजेगा शहर।

26 अगस्त को निकलेगा जुलूसे मीलाद, नात-ओ-दुरूद से गूंजेगा शहर।

संवाददाता, मुबारक अली 

शाहजहांपुर: बारह रबीउल अव्वल शरीफ के मुबारक मौके पर शहर में जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी ﷺ की भव्य रौनक देखने को मिलेगी। तहरीक दावते इस्लामी इंडिया के तत्वावधान में आगामी 26 अगस्त, बुधवार को शहर में भव्य जुलूसे मीलाद निकाला जाएगा। यह जुलूस सुबह 8 बजे रेलवे स्टेशन के सामने स्थित नूरी मस्जिद से पूरी शान के साथ रवाना होगा।

शहर के पेश इमाम हजरत मौलाना हुजूर अहमद मंजरी साहब हरी झंडी दिखाकर जुलूस को रवाना करेंगे, जबकि इस दौरान रुकने हिंद हाजी महमूद अत्तारी बतौर मुख्य अतिथि विशेष रूप से मौजूद रहेंगे।

होटल पैराडाइज में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान जिला निगरां हाफिज मोहम्मद अनीस अत्तारी ने जानकारी दी कि जुलूस शुरू होने से पहले रेलवे स्टेशन वाली मस्जिद के पास स्थित मैरिज लॉन में कदमे रसूल ﷺ और अन्य पवित्र तबर्रुकात की जियारत का विशेष एहतमाम किया गया है। इसके बाद वहीं इज्तिमा-ए-मीलाद का आयोजन होगा, जिसमें बड़ी संख्या में आशिकाने रसूल ﷺ शिरकत करेंगे।

यह जुलूस अपने पारंपरिक मार्गों से होता हुआ मोहल्ला अंटा और अनजान चौकी के पीछे स्थित कटहल वाली मस्जिद पहुंचेगा। यहीं पर सामूहिक (इज्तेमाई) दुआ के साथ जुलूस का शांतिपूर्ण समापन किया जाएगा।

हाफिज मोहम्मद अनीस अत्तारी ने शहर के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे जुलूस में पूरे अदब-ओ-एहतराम के साथ शामिल हों और लगातार दुरूद-ओ-सलाम व नात-ए-रसूल ﷺ पढ़ते हुए चलें। उन्होंने खास तौर पर ताकीद की है कि छतों से बिस्कुट, फल या खाने-पीने की चीजें नीचे न फेंकी जाएं। रिज्क की कद्र करते हुए लंगर केवल हाथों में ही तकसीम किया जाए। उन्होंने लंगर आयोजकों से GNRF (गरीब नवाज रिलीफ फाउंडेशन) की तर्ज पर अस्पतालों में मरीजों और जरूरतमंदों को फल वितरित करने की प्रेरणा लेने की भी अपील की।

जुलूस के दौरान सुरक्षा और अनुशासन को लेकर भी विशेष इंतजाम रहेंगे। धार्मिक स्थलों के आसपास सुरक्षा के लिए विशेष वालंटियर तैनात किए जाएंगे। वहीं जुलूस में डीजे म्यूजिक और किसी भी प्रकार के बड़े वाहनों के शामिल होने की पूरी तरह पाबंदी रहेगी। जुलूस के रास्तों पर चलने वाले मुसाफिरों और मरीजों की आवाजाही का विशेष ख्याल रखा जाएगा।

प्रेस वार्ता के दौरान जिला निगरां के साथ नाजिम अत्तारी, सरताज अत्तारी और रिजवान अत्तारी सहित अन्य लोग भी उपस्थित रहे।

Spread the love

Check Also

गंजडुंडवारा में झुका बिजली का पोल बना खतरा, सपा नेता अब्दुल हफीज गांधी ने उठाई समाधान की मांग।

गंजडुंडवारा में झुका बिजली का पोल बना खतरा, सपा नेता अब्दुल हफीज गांधी ने उठाई …