Breaking News

कासगंज पुलिस ने बरामद किए 120 गुमशुदा मोबाइल, कीमत करीब 32 लाख रुपये।

कासगंज पुलिस ने बरामद किए 120 गुमशुदा मोबाइल, कीमत करीब 32 लाख रुपये।

संवाददाता, जुम्मन कुरैशी

कासगंज। शारदीय नवरात्रि और मिशन शक्ति 6.0 अभियान के तहत कासगंज पुलिस ने गुमशुदा मोबाइल फोन की बरामदगी में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह के निर्देशन में साइबर सेल टीम ने विभिन्न स्थानों से गुम हुए 120 मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 32 लाख रुपये बताई गई है। गुरुवार, 16 अक्टूबर 2026 को आवश्यक सत्यापन के बाद सभी मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिए गए। लंबे समय से खोए हुए मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने कासगंज पुलिस का आभार जताया।

पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी साइबर अपराध एवं पटियाली अमित कुमार के नेतृत्व में इस अभियान को अंजाम दिया गया। साइबर सेल और जनपद के विभिन्न थानों की साइबर हेल्प डेस्क ने गुमशुदा मोबाइल फोन की तलाश के लिए लगातार प्रयास किए।

मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए पुलिस टीम ने सीईआईआर पोर्टल और आईएमईआई ट्रैकिंग तकनीक की मदद ली। तकनीकी संसाधनों का इस्तेमाल करते हुए पुलिस ने उत्तर प्रदेश के अलावा दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और मध्य प्रदेश के विभिन्न स्थानों से मोबाइल फोन ट्रेस कर बरामद किए। इसके बाद आवश्यक सत्यापन की प्रक्रिया पूरी कर सभी 120 मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द कर दिए गए।

अपने खोए हुए मोबाइल फोन वापस मिलने पर लोगों ने खुशी जाहिर करते हुए पुलिस की कार्यकुशलता की सराहना की। इस कार्रवाई को साइबर अपराध नियंत्रण और तकनीकी माध्यमों से गुमशुदा मोबाइल फोन की तलाश के प्रयासों में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

इस अभियान में साइबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक सोनू सिंह, हेड कांस्टेबल भूपेन्द्र सिंह तथा कांस्टेबल विवेक कुमार, विजन कुमार, अनुज कुमार, सुखवीर सिंह और स्वप्निल सिवाच ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

 

Spread the love

Check Also

लेखपाल पर रिश्वतखोरी के आरोप, भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी का प्रदर्शन।

एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग, मांगें पूरी न होने पर …