Breaking News

दो माह से ठप इंडस्ट्रियल फीडर, राइस मिलर्स का फूटा गुस्सा।

एसडीओ-जेई के तबादले की मांग, औद्योगिक इकाइयों के लिए अलग बिजली लाइन बिछाने पर दिया जोर।

संवाददाता, मोहम्मद वसीम 

बहेड़ी (बरेली)। औद्योगिक क्षेत्र की बिजली व्यवस्था को लेकर राइस मिलर्स का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। केसर इंडस्ट्रियल फीडर की ट्रॉली पिछले दो माह से खराब पड़ी है, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो सका है। लगातार अनदेखी से नाराज बहेड़ी राइस मिलर्स एसोसिएशन ने विद्युत विभाग के अधिकारियों के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए संबंधित एसडीओ और जेई के तबादले की मांग उठाई है। साथ ही फीडर की ट्रॉली तत्काल दुरुस्त कराने और औद्योगिक इकाइयों के लिए अलग बिजली लाइन बिछाने की मांग की है।

एसोसिएशन के अध्यक्ष नईम अहमद की ओर से अधिशासी अभियंता, बहेड़ी के माध्यम से मुख्य अभियंता, विद्युत विभाग बरेली को पत्र भेजा गया है। इसमें कहा गया है कि फीडर की ट्रॉली खराब होने के बाद से समस्या के समाधान के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद विभागीय स्तर पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। दो माह से समस्या बनी रहने के कारण औद्योगिक इकाइयों के संचालन पर असर पड़ने की चिंता जताई गई है।

बहेड़ी राइस मिलर्स एसोसिएशन ने आरोप लगाया कि एसएसओ से लेकर एसडीओ स्तर तक शिकायतों को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। बार-बार समस्या उठाए जाने के बाद भी समाधान न होने से राइस मिलर्स में नाराजगी बढ़ रही है। संगठन ने संबंधित अधिकारियों के तबादले की मांग करते हुए विद्युत विभाग से जवाबदेही तय करने की अपील की है।

औद्योगिक इकाइयों के लिए अलग बिजली लाइन की मांग

एसोसिएशन का कहना है कि बहेड़ी क्षेत्र की राइस मिलों, आरा मशीनों और अन्य औद्योगिक इकाइयों को सुचारु बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराने के लिए अतिरिक्त बिजली लाइन बिछाना जरूरी है। संगठन ने मांग की है कि केसर इंडस्ट्रियल फीडर की खराब ट्रॉली को तत्काल ठीक कराया जाए और औद्योगिक क्षेत्र की बिजली व्यवस्था को मजबूत करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।

राइस मिलर्स एसोसिएशन ने स्पष्ट किया है कि लंबे समय से बनी इस समस्या का समाधान होना चाहिए, ताकि औद्योगिक इकाइयों को बिजली आपूर्ति संबंधी परेशानियों से राहत मिल सके। अब इस मामले में विद्युत विभाग की कार्रवाई पर राइस मिलर्स की नजरें टिकी हैं।

Spread the love

Check Also

गंगा नहाने गई किशोरी गहरे पानी में डूबी, तलाश में जुटे गोताखोर।

गंगा नहाने गई किशोरी गहरे पानी में डूबी, तलाश में जुटे गोताखोर। संवाददाता, दीपक शुक्ला  …