Breaking News

बिसौली में भीषण सड़क हादसा: स्कूल बस की टक्कर से तीन युवकों की मौत, एक गंभीर घायल।

बिसौली में भीषण सड़क हादसा: स्कूल बस की टक्कर से तीन युवकों की मौत, एक गंभीर घायल।

आई एम खान 

बिसौली (बदायूं)। नगर में दवा लेने आ रहे चार युवकों की बाइक को सोमवार को ग्राम मदनजुड़ी के सामने एक स्कूल बस ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चौथा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। एक ही गांव के तीन युवकों की मौत की खबर से हत्सा गांव में मातम पसर गया।

कोतवाली क्षेत्र के ग्राम हत्सा निवासी चार युवक सोमवार को बाइक से दवा लेने बिसौली आ रहे थे। गांव से कुछ दूरी पर मदनजुड़ी के सामने पहुंचते ही सामने से आ रही एसडीबी स्कूल की बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही चारों युवक सड़क पर गिर पड़े। हादसे में 18 वर्षीय ऋषभ पुत्र नरवेश, 19 वर्षीय रोहन पुत्र चंद्रपाल और उसका तहेरे भाई 18 वर्षीय नितिन उर्फ निखिल पुत्र मेवाराम की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, 17 वर्षीय शिवकुमार पुत्र हंस कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे की सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी सतेंद्र शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने तीनों मृतकों और घायल युवक को बिसौली के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। युवकों की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल में परिजनों और ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। अपनों के शव देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। चीख-पुकार के बीच कई महिलाएं बेसुध हो गईं। घटना के बाद पुलिस घायल युवक और मृतकों को बदायूं भेजने की व्यवस्था में जुट गई।

किसी का इकलौता बेटा छिना, तो किसी की गोद उजड़ी

इस हादसे ने तीन परिवारों को ऐसा गहरा जख्म दिया है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है। ऋषभ अपने पिता का इकलौता बेटा था। इससे पहले उसके एक भाई की दो वर्ष पूर्व बीमारी के चलते मौत हो चुकी थी। अब ऋषभ की मौत से उसकी मां रज्जो पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

वहीं, रोहन की मां शशिबाला और नितिन की मां सरोज बेटे की मौत का सदमा बर्दाश्त नहीं कर सकीं और बार-बार बेहोश होती रहीं। दोनों महिलाएं आपस में देवरानी-जेठानी हैं। एक ही परिवार की दो माताओं की गोद उजड़ने से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

समाचार लिखे जाने तक मामले में कोतवाली में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई थी।

Spread the love

Check Also

लेखपाल पर रिश्वतखोरी के आरोप, भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी का प्रदर्शन।

एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग, मांगें पूरी न होने पर …