Breaking News

एसआईआर रद्द करने और मुख्य चुनाव आयुक्त को बर्खास्त करने की मांग।

इंकलाबी मजदूर केंद्र ने राष्ट्रपति को भेजा ज्ञापन, मतदाता सूची से नाम काटने और दिल्ली में प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेने पर जताया विरोध।

संवाददाता, मोहम्मद वसीम 

बरेली। मतदाता सूची से नाम हटाए जाने के आरोपों और दिल्ली में प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिए जाने के विरोध में इंकलाबी मजदूर केंद्र ने आवाज उठाई है। संगठन ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया को रद्द करने और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से बर्खास्त करने की मांग की है। इस संबंध में संगठन के कार्यकर्ताओं ने शहर सचिव ध्यान चंद्र मौर्य के नेतृत्व में राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी कार्यालय में एसडीएम कुमारी पूनम भास्कर को सौंपा।

संगठन के शहर सचिव ध्यान चंद्र मौर्य ने आरोप लगाया कि एसआईआर प्रक्रिया के तहत मतदाता सूचियों से बड़े पैमाने पर नाम हटाए जाने से लोगों के मताधिकार पर संकट पैदा हो सकता है। उन्होंने दावा किया कि कई स्थानों पर मतदाताओं को स्थानांतरित या अनुपस्थित दर्शाकर सूची से बाहर कर दिया गया, जबकि वे संबंधित क्षेत्रों में ही रह रहे हैं।

ज्ञापन में दिल्ली के चांदनी चौक क्षेत्र स्थित बेला एस्टेट का उदाहरण देते हुए संगठन ने दावा किया कि एसआईआर से पहले वहां की मतदाता सूची में 729 नाम दर्ज थे, जबकि 31 अगस्त की मसौदा सूची में केवल एक नाम रह गया। संगठन ने इस मामले की जांच कराकर वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने की मांग उठाई।

शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेने पर जताया विरोध।

इंकलाबी मजदूर केंद्र ने आरोप लगाया कि आवश्यक दस्तावेजों की कमी के कारण गरीबों, भूमिहीनों, प्रवासी मजदूरों, दलितों, आदिवासियों और अल्पसंख्यकों को एसआईआर प्रक्रिया के दौरान परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। संगठन ने दिल्ली में 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा बलों की तैनाती और प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिए जाने पर भी विरोध जताया।

संगठन ने राष्ट्रपति से मामले में हस्तक्षेप करने की मांग करते हुए एसआईआर प्रक्रिया रद्द करने, मुख्य चुनाव आयुक्त को पद से हटाने, प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कार्रवाई रोकने और इसके लिए जिम्मेदार अधिकारियों व मंत्रियों पर कार्रवाई करने की मांग की। ज्ञापन सौंपने के दौरान कृष्णपाल, कैलाश समेत संगठन के अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

बाइट : ध्यान चंद्र मौर्य

Spread the love

Check Also

गंजडुंडवारा पुलिस ने वारंटी अभियुक्त को गिरफ्तार कर न्यायालय में किया पेश।

गंजडुंडवारा पुलिस ने वारंटी अभियुक्त को गिरफ्तार कर न्यायालय में किया पेश। संवाददाता, वसीम कुरैशी  …