Breaking News

पाँच दिवसीय लक्ष्मीबाई रेंजर्स शिविर का समापन समारोह सम्पन्न।

पाँच दिवसीय लक्ष्मीबाई रेंजर्स शिविर का समापन समारोह सम्पन्न।

घूरेलाल कन्नौजिया, संवाददाता

सैयदराजा (चंदौली)। राजकीय महिला महाविद्यालय के सभागार में शुक्रवार को आयोजित समापन समारोह के साथ पाँच दिवसीय लक्ष्मीबाई रेंजर्स शिविर सम्पन्न हो गया। समापन दिवस पर रेंजर्स की छात्राओं ने टेंट निर्माण कर अपनी दक्षता का प्रदर्शन किया, जिसका निरीक्षण सभी प्राध्यापकों एवं अतिथियों द्वारा किया गया। टेंट मूल्यांकन में डॉ. रवि प्रकाश, डॉ. अवनीश कुमार सिंह और डॉ. रितेश गौरव ने निर्णायक की भूमिका निभाई।

समारोह की शुरुआत मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि द्वारा माता सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण से हुई। इसके बाद छात्रा दिव्या ज्योति पांडेय ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की, जबकि छात्राएं अन्नपूर्णा अर्चना मौर्या और आंचल कुमारी ने स्वागत नृत्य कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। रेंजर्स प्रभारी डॉ. श्रद्धा मिश्रा ने पांच दिवसीय शिविर की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की, जिसमें शिविर के दौरान छात्राओं द्वारा किए गए विभिन्न प्रशिक्षण, गतिविधियां और अनुशासनात्मक अभ्यासों का विवरण शामिल था।

विशिष्ट अतिथि ने छात्राओं के टेंट निर्माण, अनुशासन, गैजेट निर्माण, गांठ कार्य, साफ-सफाई आदि गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि छात्राओं ने समर्पण और लगन के साथ शिविर की प्रत्येक गतिविधि में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। उन्होंने छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विभिन्न टोलियों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए, जिन्हें उपस्थित सभी लोगों ने सराहा। प्रतियोगी गतिविधियों के आधार पर टोली नंबर चार ने प्रथम, टोली नंबर तीन ने द्वितीय तथा टोली नंबर दो ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

मुख्य अतिथि प्रो. आशा, प्राचार्य राजकीय महाविद्यालय केराकत, जौनपुर ने छात्राओं की मेहनत और अनुशासन की सराहना करते हुए कहा कि जिस समर्पण और ईमानदारी से छात्राओं ने शिविर में भाग लिया है, उसी लगन को अपने करियर में भी बनाए रखें। उन्होंने कहा कि रेंजर्स प्रशिक्षण छात्राओं को आत्मनिर्भर, सक्षम और जिम्मेदार बनाता है। साथ ही उन्होंने छात्राओं को यह संदेश दिया कि सशक्तिकरण के अवसरों का पूर्ण उपयोग करें और सफलता की राह पर चलते हुए अपनी सहजता एवं सरलता को बनाए रखें।

समारोह की अध्यक्षता कर रहे प्राचार्य प्रो. सुनील कुमार ने अपने उद्बोधन में कहा कि पिछले पांच दिनों के प्रशिक्षण ने छात्राओं के व्यक्तित्व में सकारात्मक परिवर्तन लाया है। उन्होंने छात्राओं को समाज में फैली कुरीतियों के प्रति जिम्मेदारी समझने और समाज सुधार में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य एवं रेंजर्स प्रभारी द्वारा अतिथियों एवं प्रशिक्षिकाओं को स्मृतिचिह्न और अंगवस्त्र भेंट किए गए। कार्यक्रम का संचालन डॉ. अभय राज यादव ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. अनुराग सिंह ने प्रस्तुत किया। इस अवसर पर डॉ. रवि प्रकाश, डॉ. अजय कुमार सोनकर, डॉ. अवनीश कुमार सिंह, डॉ. नीरज सिंह, डॉ. रितेश गौरव, डॉ. संकट मोचन झा, डॉ. अमित कुमार, प्रमोद कुमार केशरी, पवन कुमार, शिवशंकर कुमार, राजन पांडेय सहित महाविद्यालय की छात्राएं उपस्थित रहीं।

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!