Breaking News

बरेली: जौहर यूनिवर्सिटी पर प्रस्तावित ध्वस्तीकरण के खिलाफ वकीलों का प्रदर्शन, ‘अदालती फैसला आने तक कार्रवाई पर लगे रोक’

बरेली: जौहर यूनिवर्सिटी पर प्रस्तावित ध्वस्तीकरण के खिलाफ वकीलों का प्रदर्शन, ‘अदालती फैसला आने तक कार्रवाई पर लगे रोक’

संवाददाता, मोहम्मद वसीम 

बरेली / बहेड़ी। रामपुर स्थित मौलाना मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय पर प्रस्तावित ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के खिलाफ अब अधिवक्ताओं ने भी अपनी आवाज बुलंद कर दी है। मंगलवार को बहेड़ी बार एसोसिएशन से जुड़े अधिवक्ताओं ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और जिलाधिकारी रामपुर को संबोधित एक ज्ञापन उपजिलाधिकारी गोपाल शर्मा को सौंपा। वकीलों ने मांग की है कि जब तक इस पूरे मामले की न्यायिक और कानूनी प्रक्रिया पूरी नहीं हो जाती, तब तक किसी भी प्रकार की ध्वस्तीकरण कार्रवाई पर रोक लगाई जाए।

ज्ञापन के माध्यम से अधिवक्ताओं ने अवगत कराया कि विभिन्न समाचार माध्यमों के जरिए विश्वविद्यालय के भवनों को ध्वस्त किए जाने की प्रस्तावित कार्रवाई की जानकारी सामने आई है। उनका तर्क है कि चूंकि यह मामला अभी न्यायालय के विचाराधीन है और इसकी विधिक प्रक्रिया चल रही है, ऐसे में किसी भी अंतिम न्यायिक निर्णय से पहले ध्वस्तीकरण की कार्रवाई करना कानून और प्राकृतिक न्याय के बुनियादी सिद्धांतों के विरुद्ध होगा।

अधिवक्ताओं ने इस बात पर जोर दिया कि मौलाना मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय केवल एक शिक्षण संस्थान नहीं है, बल्कि यह हजारों छात्र-छात्राओं के भविष्य से जुड़ा हुआ है। इस संस्थान में पढ़ाई कर रहे विद्यार्थियों के अलावा सैकड़ों शिक्षक और कर्मचारी अपनी आजीविका इसी से चलाते हैं। यदि यहां ध्वस्तीकरण की कोई भी कार्रवाई अमल में लाई जाती है, तो इसका सीधा और गंभीर असर विद्यार्थियों की शिक्षा, कर्मचारियों के रोजगार और उनके परिवारों के जीवन पर पड़ेगा।

शासन से यह मांग की गई है कि इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और कानूनसम्मत समीक्षा की जाए, जिससे छात्रों के शैक्षणिक अधिकारों और कर्मचारियों के हितों की रक्षा हो सके। इसके साथ ही उपजिलाधिकारी से भी आग्रह किया गया कि वे जनहित और न्यायहित को सर्वोपरि रखते हुए इस ज्ञापन को शासन तक पहुंचाएं और उचित कदम उठाएं।

इस दौरान ज्ञापन सौंपने वालों में एडवोकेट ओ.पी. यादव, एडवोकेट महफूज अहमद, एडवोकेट मोहम्मद यूसुफ, एडवोकेट शादाब खान, एडवोकेट कृष्ण पाल, एडवोकेट रजत, एडवोकेट राजकुमार और एडवोकेट चैनपाल गंगवार सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।

 

Spread the love

Check Also

कासगंज पुलिस की बड़ी कामयाबी: ऑपरेशन मुस्कान के तहत लापता दो नाबालिग बच्चे सकुशल बरामद, परिजनों को सौंपे।

कासगंज पुलिस की बड़ी कामयाबी: ऑपरेशन मुस्कान के तहत लापता दो नाबालिग बच्चे सकुशल बरामद, …